सफाई में लापरवाही, चार ठेकेदारों पर 1.10 लाख का जुर्माना
नोएडा। प्राधिकरण ने चार ठेकेदारों पर 1.10 लाख का जुर्माना लगाया है। इन पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही की शिकायतें हैं।
प्राधिकरण के वर्क सर्किल-9 के मुताबिक मैसर्स एसपी गवर्नमेंट कांट्रैक्टर एंड सप्लायर पर 25 हजार, मैसर्स चेन्नई एमएसडब्ल्यू प्राइवेट लिमिटेड पर 50 हजार, मैसर्स एडवांस कांट्रैक्टर एंड सप्लायर पर 25 हजार और मैसर्स प्रमोद कांट्रैक्टर एंड सप्लायर पर 10 हजार का जुर्माना लगाया गया। प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि शहर में पॉलिथीन व कबाड़ियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा सुबह 10 से शाम 5 बजे तक कूड़ा नहीं डालने के भी निर्देश हैं। यही नहीं शहर के औद्योगिक इकाईयों को यह आदेश है कि वह अपने इकाईयों के उत्पाद से उत्पन्न होने वाले कूड़े को सीधे डंपिंग ग्राउंड पर भिजवाएं। प्राधिकरण के किसी ढलाव घर पर न डालें। अन्य आदेशों के उल्लंघन और एनजीटी के मानकों को तोड़ने के एवज में भारी जुर्माना करने का भी आदेश है।
------------------
11 लावारिस गायों को पहुंचाया गौशाला
नोएडा। शहर के मुख्य मार्गों पर लावारिस पशुओं के घूमने की वजह से यातायात व्यवस्था बहाली में बाधा आती है। इस संबंध में मंगलवार को सेक्टर-62 से 9 और हरौला से दो गायों को पकड़कर सेक्टर-94 स्थित गौशाला में भेजा गया। ब्यूरो