उद्योग जगत दिल्ली के लिए
फोटो आरटीएफ में उद्योग जगत 20 अगस्त
सभी खबरें आवश्यक हैं
---------------------------------
सीडब्ल्यूसी ने मनाया स्वतंत्रता दिवस (फोटो सीडब्ल्यूसी)
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार के उपक्रम सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (सीडब्ल्यूसी) ने स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर कंपनी के प्रबंध निदेशक एके श्रीवास्तव ने झंडा फहराया। इस अवसर पर निदेशक, वित्त एसएम चार्ल्स तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान प्रबंध निदेशक ने एचआरएमएस का ऑनलाइन लीव मॉड्यूल और मोबाइल एप भी लांच किया तथा आगे के रोडमैप पर चर्चा की।
डीएफसीसीआईएल के एक और सेक्शन का कार्य पूरा (फोटो डीएफसीसी)
नई दिल्ली। डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ने देश के 72 वें स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त 2018, के अवसर पर नवनिर्मित 190 किलोमीटर (449 ट्रैक किलोमीटर) न्यू अटेली से न्यू फुलेरा सेक्शन पर पहली बार मालगाड़ी चला कर परीक्षण किया। यह डीएफसीसीआईएल के पश्चिमी कॉरीडोर के प्रथम चरण का भाग है। इस 190 रूट किलोमीटर के लंबे रेलमार्ग पर 6 नवनिर्मित फ्रेट स्टेशन हैं जिसमें चार क्रासिंग स्टेशन हैं।
आसनसोल के ईएसआई अस्पताल में 50 बेड और (फोटो ईएसआईसी)
नई दिल्ली। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के पश्चिम बंगाल में आसनसोल स्थित ईएसआई अस्पताल में 50 अतिरिक्त बेड की व्यवस्था होगी। इसके लिए ईएसआईसी ने बीते 16 अगस्त को निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इस अवसर पर केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार और केन्द्रीय भारी उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो भी उपस्थित थे।
हडको में स्वच्छता पखवाड़ा हुआ आरंभ (फोटो हडको)
नई दिल्ली। 16 अगस्त से 31 अगस्त 2018 तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े के आरंभ दिवस पर आवास एवं शहरी विकास निगम (हुडको) के सीएमडी डॉ एम रवि कांत ने सभी हडको अधिकारियों को स्वच्छता संकल्प दिलाया। इस मौके पर उन्होंने कार्यस्थल व आस-पास के अन्य स्थानों में स्वच्छता रखने की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यक्ति को स्वच्छता को भक्ति से बढ़कर बताने वाले महात्मा गांधी के सिद्धांतों का पालन करना चाहिए। इस पखवाड़े के तहत हडको लोगों के समक्ष स्वच्छता संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए पेंटिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिता व नुक्कड़ नाटक का आयोजन करेगी।
स्कोप में दिवालिया कानून पर सेमिनार (फोटो स्कोप)
नई दिल्ली। स्कोप फोरम ऑफ कॉन्सिलेशन एंड आर्बिट्रेशन (एसएफसीए) ने मध्यस्ता एवं दिवालिया कानून (आर्बिट्रेशन एंड इंसॉलवेंसी कोड) चैलेंज एंड ऑप्शन पर एक सेमिनार का आयोजन किया। इस मौके पर उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश व एनजीटी के पूर्व चेयरपरसन जस्टिस स्वतंत्र कुमार मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे और उन्होंने इस सेमिनार का उद्घाटन भी किया। इस सेमिनार में स्कोप के महानिदेशक डॉ यूडी चौबे के साथ साथ सिंगापुर स्थित लाहिरी एलसीसी के संस्थापक व निदेशक सौरव लाहिरी, गेल के कानून व मानव संसाधन ईडी डॉ एसबी मित्रा व आईओसीएल के जीएम (सीए) एचएस राजपाल भी मौजूद रहे।
एनबीसीसी को सेल से 250 करोड़ का ठेका
नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के नवरत्न उपक्रम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने राउलकेला स्थित राउलकेला इस्पात संयंत्र में इस्पात पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल इंस्टीट्यूट एंड सुपर स्पेशियलटी हॉस्पिटल के निर्माण के लिए भारत इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड (सेल) से 250 करोड़ रुपये का ठेका हासिल किया है। 156 बिस्तरों वाले इस प्रस्तावित अस्पताल में कार्डियोलॉजी, कार्डिएक सर्जरी, न्यूरोलॉजी व नेफ्रोलॉजी जैसी विशेष सुविधाएं मौजूद होंगी। नया सुपर स्पेशियलटी ब्लॉक, 500 सीटों वाला ऑडिटोरियम और चिकित्सा संस्थान तीन लाख वर्ग फुट के भूखंड में फैला रहेगा।
पंजाबी अकादमी का राष्ट्रीय पंजाबी कवि दरबार (फोटो पंजाबी अकादमी)
नई दिल्ली। 72वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंजाबी अकादमी ने 11 अगस्त, 2018 को श्रीराम सेन्टर फॉर आर्ट एंड कल्चर ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय पंजाबी कवि दरबार का आयोजन किया। इस कवि दरबार में पूरे भारत से पंजाबी के प्रसिद्ध कविगणों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। पंजाबी अकादमी के सचिव गुरभेज सिंह गुराया ने आए हुए सभी मेहमानों, कवियों, बच्चों और श्रोताओं को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने बताया कि पंजाबी अकादमी वर्ष 1981 से गणतंत्र दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर साल इस कवि दरबार का आयोजन करता रहा है।
नासिक मुद्रणालय में खास कंप्यूटर का उद्घाटन (फोटो एसपीएमसीआईएल)
नई दिल्ली। नासिक के चलार्थ पत्र मुद्रणालय में इंटाग्लियों प्लेट मेकिंग प्रणाली में कंप्यूटर का उद्घाटन वित्तमंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग सचिव सुभाष चंद्र गर्ग द्वारा किया गया। इस मौके पर एसपीएमसीआईएल की अध्यक्ष तथा प्रबंध निदेशक तृप्ति पी घोष भी मौजूद रहीं। अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के साथ चपमु में स्थापित की गई सीटीआईपी प्रणाली बहुत ही आधुनिक है, जो भारत सरकार की उच्च प्रतिभूति करेंसी नोटों के डिजाइन की आवश्यकताओं की पूर्ति करेगी। इस मशीन के जुड़ने से भारत में प्रतिभूति मुद्रण प्रक्रिया सुदृढ़ होगी।
सीजीईडब्ल्यूएचओ की 33 परियोजनाएं पूरी
नई दिल्ली। केंद्रीय सरकारी कर्मचारी कल्याण आवास संगठन (सीजीईडब्ल्यूएचओ) ने सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ है। संगठन ने अब तक अपनी 33 परियोजनाओं को पूरा किया है। इसमें 14,542 घरों को देशभर में 33 अलग-अलग स्थानों पर तैयार किया है, जबकि तीन परियोजनाओं पर निर्माण कार्य चल रहा है। इन तीनों परियोजनाओं के पूरा होने पर आवेदकों के लिए 3,274 और घर तैयार हो जाएंगे। यह जानकारी सीजीईडब्ल्यूएचओ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुपेंद्र सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2017-18 में संगठन का कारोबार 140 करोड़ से बढ़कर 176.43 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
ईज ऑफ लिविंग इंडेक्स सर्वे में रायपुर का सातवां स्थान
नई दिल्ली। भारत सरकार के केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास विभाग द्वारा आयोजित ईज ऑफ लिविंग इंडेक्स के सर्वे में रायपुर शहर ने कई महानगरों को पीछे छोड़कर देश में सातवां स्थान हासिल किया है। नेशनल मीडिया सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप पुरी ने इस सर्वे के परिणाम घोषित किए। इस अवसर पर केंद्रीय सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा भी मौजूद रहे। नगर निगम आयुक्त रजत बंसल ने रायपुर शहर की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए नागरिकों से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि मोर रायपुर-मोर जिम्मेदारी की भावना से नागरिक रायपुर को पूर्ण सुविधा संपन्न शहर के रूप में विश्वव्यापी पहचान दिलाने के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे।