एक मंच पर आए दो से 93 साल तक के कलाकार
कला प्रदर्शनी का केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने किया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। कला जगत की मशहूर हस्तियां हो या उभरते सितारे अपनी प्रतिभा को जगजाहिर करने के लिए एक मंच की आवश्यकता होती है। लेकिन जब एक ही मंच पर दो साल से 93 साल तक की उम्र के कलाकार मौजूद हो तो उसकी छटा ही निराली होगी। सेक्टर 44 स्थित आर्ट लाइफ गैलरी में नोएडा लोक मंच और आर्ट लाइफ गैलरी के संयुक्त तत्वाधान में ऐसी ही एक कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया ।
प्रदर्शनी में देशभर सेजाने माने कलाकारों जैसे राम सुतार, लाल रत्नाकर के साथ छोटे बच्चों ने कला का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने किया। इस दौरान उन्होेंने कहा कि नोएडा कला के क्षेत्र में एक अलग कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। यहां की प्रतिभाएं देश दुनिया को आकर्षित कर रही हैं। नोएडा लोक मंच के संयोजक महेश सक्सेना ने कहा कि यह अपनी तरह की अनोखी कला प्रदर्शनी है। नई प्रतिभाओं और स्थापित कलाकारों को एक मंच पर लाए हैं। जिससे नये कलाकारों को प्रतिभा निखारने का मौका मिले। कुल 84 कलाकार भाग ले रहे हैं, जो कि एक बड़ी संख्या है। आमतौर पर इतने कलाकार एक मंच पर देखने को नहीं मिलते हैं। केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने नोएडा लोक मंच की एक पुस्तक का विमोचन किया। प्रदर्शनी चार दिनों तक चलेगी। जहां एक ओर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मूर्तिकार राम सुतार की मूर्तियां देखने को मिलेंगी। वहीं, नाखून से पेंटिंग करने वाले कलाकार लाल रत्नाकर की पेंटिंग भी देखने का मौका मिलेगा। साथ ही साथ तारे जमीन पर नाम के सेक्शन में दो साल से लेकर 14 साल तक के बच्चों द्वारा बनाई गई खूबसूरत पेंटिंग भी इस प्रदर्शनी के आकर्षण का केंद्र है।