फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश में डूबा शहर

विज्ञापन
विज्ञापन
बारिश में डूबा शहर
विज्ञापन

गुरुग्राम। साइबर सिटी में मानसून पर जलभराव को लेकर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए), नगर निगम और एनएचएआई के लाख दावों के बाद भी शुक्रवार को दिनभर में हुई 120 एमएम बारिश ने सभी एजेंसियों के इंतजामों की पोल खोल दी। बारिश के पानी की निकासी नहीं होने से शहर की सड़कें नदियों में तब्दील हो गईं। एक्सप्रेसवे सर्विस लेन पानी में डूब गई, जिसमें एक कंपनी सुपरवाइजर की ड्रेनेज में गिरने से मौत हो गई। बारिश में शहर में जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई, जिसके चलते वाहन चालक पूरे दिन रेंगते नजर आए। पेश है लाइव रिपोर्ट-

खुला ड्रेनेज बना सुपरवाइजर की मौत का कारण
बारिश के पानी को लेकर एनएचएआई और जीएमडीए के इंतजामों का दावा शुक्रवार को खुल गया। हीरो होंडा चौक से आगे सर्विस लेन पर शुक्रवार सुबह खुले ड्रेनेज में कंपनी सुपरवाइजर का शव तैरता मिला। पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार देर रात कंपनी से ड्यूटी कर लौट रहे बाइक सवार भोड़ाकलां निवासी दिनेश (30) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह यहां बने गहरे ड्रेनेज में गिर गया। शुक्रवार सुबह शव देखकर पुलिस ने कार्रवाई की। परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर ड्रेनेज के आसपास बैरिकेडिंग होती, तो शायद उनका बेटा बच जाता। पुलिस ने अज्ञात केे खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन


घुटनों तक पानी आने से कई वाहन बंद
बारिश के बाद शहर के अंदर का हाल भी बेहद खराब रहा। बारिश की जल निकासी का इंतजाम नहीं होने से शहर की प्रमुख सड़कें नदियों में तब्दील हो गई। एमजी रोड पर एमडीआई चौक पर घुटनों तक पानी आने से कई वाहन बंद हो गए, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई। इसके चलते ओल्ड डीएलएफ कॉलोनी में पानी भर गया। सेक्टर-14 स्थित गुरुग्राम इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (जीआईए हाउस) समेत आसपास की कई कंपनियों में पानी घुस गया। एक्सप्रेसवे के एग्जिट नंबर-10 से मेदांता अस्पताल की ओर से जाने वाले रास्ते पर जलभराव से स्थिति बिगड़ने के बाद जीएमडीए ने सड़क तोड़कर किसी तरह पानी का निकास किया।

एक दर्जन से ज्यादा कॉलोनियों में भरा पानी
बारिश के इंतजामों का हाल निगम क्षेत्र की कॉलोनियों में हुए जलभराव ने बयां कर दिया। अशोक विहार फेज-एक, दो समेत लक्ष्मण विहार, पटेल नगर, सूर्या विहार, डूंडाहेड़ा समेत एक दर्जन से ज्यादा कॉलोनियों में सीवर ओवरफ्लो होने से जलभराव की स्थिति बन आई। बस स्टैंड पर जलभराव होने से यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नेहरू स्टेडियम में हॉकी एस्ट्रोटर्फ समेत मैदान में पानी भर गया। झाड़सा रोड पर बारिश के चलते कई दुकानों में पानी घुस गया।

एक्सप्रेसवे पर थमी रफ्तार, सर्विस लेन डूबी
शुक्रवार दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर जगह-जगह पानी भर गया, जिससे वाहनों के पहिये थम गए। सिग्नेचर टावर से इफ्को चौक के बीच जलभराव से वाहनों की रफ्तार रुक गई। हीरो होंडा चौक, बहरामपुर रोड, झाड़सा चौक समेत कई जगह पर सर्विस लेन पर पानी भरने से कई वाहन फंस गए। देर शाम तक एक्सप्रेसवे पर वाहन रेंगते रहे।

कई ट्रेनों का रूट डायवर्ट
दिल्ली के पटेल नगर में रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से दिल्ली-गुरुग्राम-रेवाड़ी रेलमार्ग की आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हो गई। दिल्ली-जयपुर डबलडेकर एक्सप्रेस, दिल्ली-जैसलमेर एक्सप्रेस ट्रेन समेत आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया। ट्रेनों के रूट डायवर्ट होने के बाद गुरुग्राम से सफर करने वाले यात्रियों को दिल्ली और रेवाड़ी जाना पड़ा।
विज्ञापन


रबी की फसल के लिए फायदेमंद होगी बारिश
बारिश के बाद ग्रामीण क्षेत्र में लोगों के चेहरे खिल गए। शुक्रवार की बारिश रबी की फसल के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। पटौदी, सोहना, फर्रुखनगर समेत जिले के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खूब बारिश हुई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें