गाजियाबाद। तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 161 शिकायतें मिलीं। इनमें से नौ शिकायतों का ही निस्तारण हो पाया। तीनों तहसीलों में से सबसे अधिक लोनी तहसील में 77 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
लोनी में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक सिंघवाल की अध्यक्षता में सुनवाई हुई। कुल 77 शिकायतें पहुंची जिसमें जमीनों के कब्जे की शिकायतें अधिक रहीं। इनमें से सिर्फ तीन शिकायतों का ही निस्तारण किया गया। सड़कों को खास्ताहाल होने की शिकायतें भी रहीं इसके अलावा बिजली कटौती की समस्याएं लेकर लोग पहुंचे। सदर तहसील में एडीएम सिटी विकास कश्यप की अध्यक्षता में कुल 25 शिकायतें मिली। इसमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। सदर तहसील में त्योहार के मद्देनजर काफी कम संख्या में लोग पहुंचे। दो लोग आरटीई के तहत बच्चों के दाखिले न होने की शिकायतें लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्कूल की तरफ से लोगों को भरमाया जा रहा है। मोदीनगर तहसील में एसडीएम अजीत सिंह की अध्यक्षता में 59 शिकायतों की सुनवाई हुई। इसमें से मौके पर दो शिकायतों का निस्तारण किया गया।