नूंह। गोवंश अधिनियम शाखा (सीएस स्टाफ) नूंह ने शुक्रवार देर शाम नगीना खंड के गांव बनारसी में गो तस्करों के चंगुल से 16 गोधन मुक्त कराने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने अज्ञात गो तस्करों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। सीएस स्टाफ के एसआई सुनील कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर शाम उन्हें सूचना मिली कि हथीन खंड के गांव मलाई की ओर से एक ट्रक में गोवंश को भरकर वध के लिए राजस्थान ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मलाई गांव में मौके पर दबिश दी। तस्कर पुलिस को देखकर वहां से भाग निकले। इस दौरान तस्कर मलाई से अलालपुर, शिकरावा, बदरपुर से बनारसी गांव में आ गए और गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी से क्रूरतापूर्वक भरे गोधन को मुक्त कराकर संगेल गोशाला में छोड़ दिया।