- बॉटनी विभाग के विद्यार्थियों को दिया गया प्रोजेक्ट, नोएडा के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर करेंगे अध्ययन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में बढ़ते प्रदूषण का पौधों पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन करने के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थी शोध करेंगे। महाविद्यालय के बॉटनी विभाग की ओर से विद्यार्थियों को यह प्रोजेक्ट सौंपा गया है। इसके तहत छात्र नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर प्रदूषण के स्तर और पौधों की स्थिति का अध्ययन करेंगे। यह कार्य अगले सप्ताह से शुरू होगा।
शोध का मुख्य उद्देश्य यह जानना है कि वायु प्रदूषण पौधों की वृद्धि, पत्तियों की गुणवत्ता और उनके समग्र विकास को किस तरह प्रभावित करता है। विद्यार्थी पिछले कई वर्षों के प्रदूषण संबंधी आंकड़ों और पौधों पर पड़े संभावित प्रभावों का भी अध्ययन करेंगे।
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में यातायात, औद्योगिक गतिविधियों और निर्माण कार्यों के कारण प्रदूषण के स्तर में अंतर रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की टीमें विभिन्न स्थानों पर जाकर पौधों की स्थिति का निरीक्षण करेंगी। अध्ययन के दौरान पत्तियों की गुणवत्ता, पौधों की वृद्धि और उनकी बाहरी स्थिति जैसे पहलुओं पर ध्यान दिया जाएगा। अलग-अलग क्षेत्रों से जुटाए गए आंकड़ों के आधार पर पौधों की स्थिति का तुलनात्मक विश्लेषण किया जाएगा।
प्रदूषण और वनस्पतियों के संबंध को समझेंगे छात्र : इस प्रोजेक्ट से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ फील्ड रिसर्च का अनुभव भी मिलेगा। छात्र समझ सकेंगे कि वायु प्रदूषण का वनस्पतियों पर क्या प्रभाव पड़ता है और अलग-अलग पर्यावरणीय परिस्थितियों में पौधों की स्थिति में किस तरह का अंतर दिखाई देता है। शोध से मिलने वाले निष्कर्ष प्रदूषण और पौधों के स्वास्थ्य के बीच संबंधों को समझने में मदद करेंगे।
बॉटनी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. संघमित्रा ने बताया कि विद्यार्थियों को प्रदूषण के पौधों पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन करने के लिए यह प्रोजेक्ट दिया गया है। छात्र विभिन्न क्षेत्रों में पौधों की स्थिति का निरीक्षण कर प्रदूषण के संभावित प्रभावों को समझने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि इस तरह के अध्ययन से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर पर्यावरण संबंधी समस्याओं को समझने में मदद मिलेगी।