डीएसजीपीसी के खातों की जांच
के लिए सभी आमंत्रित : सिरसा
- आप और दिल्ली अकाली दल पर कड़े प्रहार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीपीसी) महासचिव मनजिंद्र सिंह सिरसा ने कहा कि कमेटी में भ्रष्टाचार सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और दिल्ली अकाली दल पर भी कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि कमेटी धार्मिक संस्था है और उसके खातों की जांच के लिए सभी आमंत्रित हैं, लेकिन ये दोनों भी अपने खातों की जांच के लिए तैयार रहें।
पत्रकारों से वार्ता में सिरसा, कार्यकारी अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका, उपप्रधान हरमनजीत सिंह आदि ने इस बात पर आपत्ति उठाई कि आप कमेटी को भंग करने के लिए दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि यह सरासर गुरुघर पर हमला है। कमेटी का गठन धार्मिक कार्यों के लिए किया गया है। संगतों ने सदस्यों को चुना है। कमेटी में एक-एक पैसे का हिसाब रखा गया है। किसी ने घोटाला किया है तो उसे सजा जरूर मिलेगी। आप व दिल्ली अकाली दल के अध्यक्ष सरना ने कमेटी के खातों की जांच कैग से कराने की मांग की है। हम तो सभी को आमंत्रित कर रहे हैं कि कमेटी कार्यालय 24 घंटे खुले हैं। जब भी किसी को जांच करनी है कर ले या कोई भी दस्तावेज ले ले।
उन्होंने कहा कि आप पार्टी में कितने घपले हुए हैं, हम उनके खातों की भी जांच की मांग कर रहे हैं। क्या वे तैयार हैं? सिरसा ने कहा कि आप के एक विधायक ने सिख दंगों के दोषियों के हक में बयान दिया था, लेकिन कमेटी पर अंगुली उठाने वाले आप के तीन सिख विधायकों ने तब आवाज नहीं उठाई। स्पष्ट है कि आप सिख विरोधी पार्टी है। उसने न तो दंगा पीड़ितों को नौकरी दी, न ही उनके बिजली बिल माफ किए।