खाने के शौकीनाें के लिए राजधानी में
नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल शुरू
- एफएसएसएआई द्वारा किया गया तीन दिवसीय स्ट्रीट फूड फेस्टिवल का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। स्ट्रीट फूड के दीवानों के लिए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में तीन दिवसीय 10वें नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल का शुक्रवार को आगाज हो गया है। फेस्टिवल के पहले दिन काफी संख्या में दर्शक पहुंचे और देशभर के स्ट्रीट फूड का लुत्फ उठाया। इस मौके पर लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। यह फेस्टिवल रविवार रात 12 बजे तक चलेगा।
फेस्टिवल का आयोजन भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा किया गया है। फेस्टिवल में उन्हीं चुनिंदा स्ट्रीट फूड वेंडर्स को शामिल किया गया है, जिन्होंने एफएसएसएआई के मानकों के पालन का प्रशिक्षण लिया हुआ है। लिहाजा यहां पर मिलने वाले स्ट्रीट फूड सेहत के हिसाब से भी सुरक्षित हैं। इस मौके पर दिल्ली की दर्शक प्रियंका ने बताया कि उन्हें राजस्थान की भेलपुरी बेहद पसंद आई। वह इस फेस्टिवल में हर साल शामिल होती हैं, ताकि उन्हें देशभर के स्ट्रीट फूड एक ही जगह पर खाने का मौका मिल सके। जयपुर की तंदुरी चाय भी उन्हें बेहद पसंद है। यह चाय दिल्ली में आसानी से नहीं मिलती।
वहीं, डीयू के छात्र वैभव ने बताया कि उन्हें यहां पर हरिद्वार की ठंडाई बेहद पसंद आई। वेंडर जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि यह ठंडाई सभी मेवों खसखस, काली मिर्च, गुलाब के फूल और अन्य चीजों को पीसकर बनाई जाती है। यह उनका पुश्तैनी काम है और वे भी पिछले 20 वर्षों से हरिद्वार के हाथी पुल पर ठंडाई बेचते आ रहे हैं। उनकी ठंडाई को एफएसएसएआई द्वारा खास तौर पर इस फेस्टिवल के लिए चुना गया है। फेस्टिवल में उत्तर प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, बिहार, तेलंगाना, हिमाचल, दिल्ली, मुंबई और राजस्थान समेत अन्य राज्यों के स्ट्रीट फूड उपलब्ध हैं।