रेहड़ी नहीं, वाटर एटीएम से मिलेगा पानी
उत्तरी दिल्ली नगर निगम की पहल, पांच रुपये में मिलेगी एक लीटर की बोतल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में अब रेहड़ी नहीं, बल्कि वाटर एटीएम से ही पानी की खरीदारी की जा सकेगी। निगम ने सभी वाटर ट्रॉली को एटीएम में परिवर्तित करने के निर्देश दिए हैं। इन पर लोगों को एक लीटर की बोतल के लिए पांच रुपये चुकाने होंगे। दो वर्ष में सभी ट्रॉली को एटीएम में तब्दील करने के बाद ही लाइसेंस जारी किया जाएगा।
निगम क्षेत्र के सभी बस स्टॉप और व्यावसायिक क्षेत्रों के इर्द-गिर्द पानी की बिक्री केवल वाटर एटीएम से की जा सकेगी। सार्वजनिक स्थल पर लगने वाली वाटर ट्रॉलियों को अब आधुनिक शक्ल दी जाएगी। इससे जहां लोगों को बेहतर गुणवत्तायुक्त जल मुहैया होगा तो निगम को राजस्व की भी प्राप्ति होगी। निगम ने लाइसेंस के नवीनीकरण की शर्तें बदलकर ट्रॉली मालिकों को हिदायत दी है कि नियत अवधि में अपनी ट्रॉली को एटीएम का रूप दे दें, अन्यथा दो साल बाद पानी बिक्री की अनुमति नहीं दी जाएगी। निगम के स्वास्थ्य विभाग के एक आला अधिकारी के मुताबिक, क्षेत्र में फिलहाल 12.5 हजार वाटर ट्राली हैं, जिन्हें लाइसेंस दिए गए हैं। फिलहाल दो रुपये में एक गिलास पानी की बिक्री होती है।