दिल्ली विधानसभा के रजत जयंती समारोह में नहीं आएंगे आडवाणी
निजी कारणों के चलते आने से किया मना, भाजपा के वरिष्ठ नेता को आमंत्रण देना बना चर्चा का विषय
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के रजत जयंती समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को समारोह के लिए आमंत्रित किया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। एक तरफ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार केंद्र की भाजपा सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते रहते हैं। दूसरी ओर, 15 दिसंबर को विधानसभा परिसर में बतौर मुख्य अतिथि बुलाने के राजनीतिक मायने-मतलब निकाले जा रहे हैं। हालांकि, निजी कारणों से लालकृष्ण आडवाणी ने समारोह में जाने से मना कर दिया है।
सूत्रों की मानें तो भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा, यशवंत सिन्हा और अब लालकृष्ण आडवाणी का आम आदमी पार्टी के प्लेटफार्म पर बुलाने से अच्छा संकेत जाएगा। दबी जुबान में चर्चा है कि आप की साफ-सुथरी राजनीति का ही नतीजा है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता पार्टी प्लेटफार्म पर नजर आते हैं। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल का कहना है कि दिल्ली मेट्रोपॉलिटन काउंसिल के चेयरमैन रहे लालकृष्ण आडवाणी को निमंत्रण दिया गया है। आडवाणी को बुलाने के राजनीतिक मायने-मतलब नहीं निकालना चाहिए। विधानसभा के पूर्व सदस्यों व पूर्व मेट्रोपॉलिटन काउंसिल के कई सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री सुषमा स्वराज, पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा व मदनलाल खुराना के परिवार को भी निमंत्रण दिल्ली विधानसभा की तरफ से भेजा गया है।