पांच दिन में मिलेगा मार्कशीट व माइग्रेशन सर्टिफिकेट
- जामिया ने छात्रों की सुविधा के लिए दो पोर्टल बनाए, ऑनलाइन कर सकेेंगे आवदेन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्रों को मार्कशीट व माइग्रेशन सर्टिफिकेट लेने के लिए विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। प्रबंधन पांच दिन के भीतर सर्टिफिकेट और मार्कशीट मुहैैया करवाएगा। इसके लिए छात्र घर बैठे सुविधानुसार ऑनलाइन आवेदन भेज सकते हैं।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक विभाग ने छात्रों की सुविधा के लिए दो पोर्टल भी बनाए हैं। इसके माध्यम से छात्र सीधे मार्कशीट में गलती संबंधी शिकायत अपलोड कर सकेंगे। इसी के आधार पर परीक्षा नियंत्रक विभाग शिकायत का निपटारा करेगा। विभाग को छात्र की शिकायत पर पांच दिन के अंदर निपटारा करना अनिवार्य होगा। दूसरे पोर्टल में प्रोविजनल व माइग्रेशन सर्टिफिकेट की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
विश्वविद्यालय प्रबंधन के मुताबिक, पोर्टल से छात्रों के समय की भी बचत होगी। छात्र मार्कशीट या अपने सर्टिफिकेट से जुड़ी समस्याओं को घर बैठे ऑनलाइन आसानी से ठीक करा सकेंगे। पोर्टल तैयार करने वाले परीक्षा नियंत्रक विभाग के प्रमुख डॉ. एएए फैजी का कहना है कि डिजिटल इंडिया मुहिम पर काम करते हुए विश्वविद्यालय परीक्षा व्यवस्था का पहले ही आटोमेशन कर चुका है। ऑनलाइन एग्जामिनेशन फॉर्म, ई एडमिट कार्ड और परीक्षा के पांच दिन के अंदर नतीजों को जारी करने की व्यवस्था इसी का पहला चरण है।