बदले दिखेंगे आप के सभी सोशल मीडिया फोरम
टीम के साथ वरिष्ठ नेताओं की बैठक, लोकसभा चुनाव के प्रचार अभियान पर तैयार की रणनीति
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (आप) सोशल मीडिया पर आक्रामक अभियान शुरू करने जा रही है। इसमें खास जोर मुद्दों की सियासत पर रहेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे मसलों पर आंकड़ों के सहारे दिल्ली सरकार के कामों की तुलना केंद्र व दूसरे भाजपा शासित राज्यों से होगी। साथ ही पार्टी युवाओं को जोड़ने के लिये इंस्ट्राग्राम के प्लेटफार्म का भरपूर इस्तेमाल करेगी।
शनिवार को पार्टी कार्यालय में सोशल मीडिया टीम के साथ वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इसमें प्रदेश संयोजक गोपाल राय, सांसद संजय सिंह, प्रवक्ता व विधायक सौरभ भारद्वाज, दिलीप पांडेय, आतिशी के साथ सभी लोकसभा क्षेत्र प्रभारी व सोशल मीडिया के पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में तय किया गया कि सोशल मीडिया के हर प्लेटफार्म पर प्रचार अभियान को आगे बढ़ाया जाए।
साथ ही, मुद्दों के सहारे सोशल मीडिया पर अभियान चलाने की रणनीति तय की गई। आप के सभी सोशल मीडिया पर रोज करीब दस ऐसी पोस्ट डाली जाएंगी, जिनमें यूजर्स खुद ही दिलचस्पी लें। टीम को निर्देश दिया गया है कि रिसर्च को मजबूत करे। केंद्र सरकार व दूसरे भाजपा शासित राज्यों के शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी जैसे बुनियादी मसलों पर किए गए कामों के विश्वस्त आंकड़े जुटाए।
एक पदाधिकारी ने बताया कि बैठक में सभी नेताओं ने माना कि भाजपा के पाले में जाकर उसे सियासी शिकस्त नहीं दी जा सकती। भाजपा की क्रिया पर प्रतिक्रिया देने की जगह अपने तरीके से अभियान डिजाइन करना होगा। भाजपा की सरकारों के आंकड़ों की तुलना दिल्ली सरकार के कामों से करना ज्यादा फायदेमंद रहेगा। इसके आधार पर अभियान को आगे बढ़ाने को कहा गया है। पार्टी पदाधिकारियों का दावा है कि अगले कुछ दिन में आप के सोशल मीडिया फोरम बदले-बदले दिखेंगे। नेताओं के लाइव संवाद के साथ तुलनात्मक आंकड़ों की भरमार सभी फोरम में होगी। मामूली फेरबदल के साथ लोकसभा चुनाव तक पार्टी इसी रणनीति पर प्रचार अभियान चलाएगी।