7 दिन में सभी प्रोजेक्ट अपने नाम से पंजीकृत कराए अंसल बिल्डर
रेरा सचिव ने दिया आदेश, पहली बार अपंजीकृत प्रोजेक्टों के मामलों की सुनवाई हुई
उत्तम स्टील एंड एसोसिएट्स के नाम से रेरा में पंजीकृत है अंसल के प्रोजेक्ट
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश भू संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) के ग्रेटर नोएडा कार्यालय में बुधवार को पहली बार अपंजीकृत प्रोजेक्टों के मामलों पर सुनवाई हुई। पहले दिन ज्यादातर मामले अंसल बिल्डर के थे। सुनवाई में पता चला कि अंसल के सभी प्रोजेक्ट प्रमोटर उत्तम स्टील एंड एसोसिएट्स के नाम से पंजीकृत है। रेरा के सचिव ने अंसल बिल्डर को सात दिन के अंदर अपने नाम से सभी प्रोजेक्ट पंजीकृत कराने का आदेश दिया है। उसके बाद इन प्रोजेक्ट के खरीदारों के मामलों की सुनवाई रेरा की पीठ दो करेगी।
रेरा में अपंजीकृत प्रोजेक्टों की 554 शिकायतें आईं। सचिव अबरार अहमद ने 38 मामलों की सुनवाई की। जो अंसल एपीआई सुशांत मेगापॉलिस और हाईटेक टाउनशिप लि. के थे। अबरार अहमद ने बताया कि अंसल के इन प्रोजेक्ट का प्रमोटर उत्तम स्टील एंड एसोसिएट्स है। एसोसिएट्स अपने नाम से प्रोजेक्टों को पहले ही पंजीकृत करा चुका है। खरीदारों ने शिकायत की तो उनको अंसल एपीआई सुशांत मेगापॉलिस और हाईटेक टाउनशिप लि. के नाम से कोई प्रोजेक्ट नहीं मिला। जबकि, उनका बिल्डर-बायर्स एग्रीमेंट भी अंसल के साथ है। ऐसे में खरीदारों की परेशानी जायज थी। सुनवाई के बाद अंसल को सात दिन का समय दिया है।
पीठ एक और दो ने 153 मामले सुने
पीठ एक और दो ने भी विभिन्न बिल्डरों के मामलों पर सुनवाई की। पीठ एक में रेरा के अध्यक्ष राजीव कुमार और कल्पना मिश्रा ने कुल 73 मामलों को सुना। ज्यादातर बिल्डर से जवाब मांगा गया है। लेकिन अजपा परिषद् सहकारी आवास समिति के खरीदारों ने फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। जिस पर पीठ एक जल्द अपना फैसला सुनाएगी। वहीं पीठ दो ने कुल 80 मामलों को सुना। सदस्य बलविंदर कुमार ने बताया कि किंडल डेवलपर्स शुभकामना का ही पार्ट है। शुभकामना का मामला एनसीएलटी में विचाराधीन है। ऐसे में किंडल के मामलों को प्रतीक्षा में रखा गया है। वहीं, बाकी मामलों को पहली बार सुना गया। उन पर बिल्डर से जवाब मांगा है।
12 में केवल तीन बिल्डर पहुंचे
रेरा के अध्यक्ष राजीव कुमार ने नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अफसरों के साथ बैठक की। 12 बिल्डरों को बुलाया गया था, लेकिन केवल तीन बिल्डर ही पहुंचे। बलविंदर कुमार ने बताया कि पार्श्वनाथ के एमडी और उन्नति फॉरच्यून बिल्डर ने समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही प्रोजेक्ट के बारे में उनसे जानकारी मांगी। दोनों को जल्द से जल्द प्रोजेक्ट पूरा कर खरीदारों को कब्जा देने के निर्देश दिए गए है।