हेडिंग: 15 को यीडा लाएगा शॉपिंग कांप्लेक्स की योजना
सात पेट्रोल पंप की योजना भी इसी दौरान लाने की योजना
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण 15 दिसंबर को शॉपिंग कांप्लेक्स की योजना लांच करने जा रहा है। इसमें सौ-सौ वर्ग मीटर के करीब 75 प्लॉट होंगे। सात पेट्रोल पंपों की योजना भी इसके साथ आएगी। पेट्रोल पंप के प्लॉट का एरिया बढ़ाने की भी योजना है।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि सेक्टर-18, 20 व 22 डी में शॉपिंग कांप्लेक्स के भूखंड की योजना लाई जाएगी। ये भूखंड 100-100 मीटर के होंगे। सेक्टर-18 में 30, सेक्टर-20 में 25 व 22 डी में 20 भूखंड स्थित हैं। इनका आवंटन टेंडर से होगा। इसका लेआउट तैयार किया जा रहा है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा में पार्किंग की समस्या को देखते हुए डिजाइन में इसका प्रावधान किया जाएगा, जिससे रास्ते पर गाड़ियां न खड़ी हों। पेट्रोल पंप और होटल के भूखंडों की योजना का प्रस्ताव विगत बोर्ड बैठक में पास हो चुका है। सेक्टर-18 व 20 में पेट्रोल पंप के साथ भूखंडों पर योजना लाई जाएगी। हालांकि, पहले इनका क्षेत्रफल 2400 वर्ग मीटर था। अब इसे करीब 4000 वर्ग मीटर किया जाएगा, ताकि भविष्य में सीएनजी या इलेक्ट्रिक चार्जर के प्वाइंट बनाने में दिक्कत न हो।
वहीं, होटल स्कीम का रेट रिवाइज किया जा रहा है। प्राधिकरण ने होटल के भूखंड व्यावसायिक दर पर देने का फैसला किया था, लेकिन व्यावसायिक भूखंड में एफएआर दो होता है जबकि होटल के भूखंडों में एफएआर तीन दिया जाता है। इसलिए इसका रेट बढ़ाने पर विचार हो रहा है। होटलों की योजना 15 दिसंबर के बाद आ सकेगी, लेकिन शॉपिंग कांप्लेक्स व पेट्रोल पंप की योजना 15 दिसंबर तक आ जाएगी।