सड़क पर गिरा केमिकल
सांस लेने में भी दिक्कत
शनिवार सुबह गोकुलपुरी फ्लाईओवर के पास अफरा-तफरी
- आपदा प्रबंधन, कैट्स एंबुलेंस, दमकल विभाग और पुलिस ने संभाले हालात
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गोकुलपुरी फ्लाईओवर के पास शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां से गुजर रहे लोगों को आंखों में मिर्च लगने जैसा आभास होने लगा। उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत महसूस होने लगी। इसकी सूचना आनन-फानन में पुलिस व अन्य बचाव दलों को दी गई। खबर मिलते ही आपदा प्रबंधन, कैट्स एंबुलेंस, दमकल विभाग और पुलिस की गाड़ियां पहुंच गईं। जांच के बाद पता चला कि सड़क पर गिरे किसी केमिकल की वजह से लोगों को दिक्कत हो रही थी। बचाव दल ने फौरन केमिकल को सड़क से साफ कर दिया। गनीमत यह रही कि किसी को अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी। पुलिस ने केमिकल का नमूना जांच के लिए एफएसएल भेज दिया है।
उत्तर पूर्वी जिला पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 10:00 बजे गोकुलपुरी फ्लाईओवर के पास लोगों ने किसी जहरीली गैस से सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायत की। खबर मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे बाइक और ऑटो सवार लोगों को खासी दिक्कत हो रही थी। जांच के दौरान पता चला कि सड़क पर कोई केमिकल पड़ा है, जिससे लोगों को दिक्कत हो रही है। कुछ देर के लिए ट्रैफिक रोककर सड़क पर से केमिकल को हटाया गया। केमिकल सड़क पर कैसे आया, किसी ने फेंका या किसी वाहन से गिरा, इसकी छानबीन की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।