नैक से डीयू को मिला ए प्लस ग्रेड
- यूजीसी से वित्तीय संसाधनों के आवंटन में अहम होता है यह पैमाना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नेशनल एसेसमेंट एंड एक्रेडिटेशन काउंसिल (नैक) ने दिल्ली विश्वविद्यालय को ए प्लस ग्रेड दिया है। यह पैमाना डीयू को यूजीसी से वित्तीय संसाधनों के आवंटन में अहम होगा। अधिकारी बताते हैं कि अक्तूबर के आखिरी हफ्ते में नैक की टीम ने डीयू की सुविधाओं को जांचा था। इसके आधार पर रैंकिंग तय की गई है।
इस स्तर की ग्रेडिंग डीयू को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से फंड एवं ग्रांट के आवंटन में अहम होती है। दिल्ली विश्वविद्यालय का क्यूमूलेटिव ग्रेड प्वाइंट एवरेज (सीजीपीए) 3.28 रहा। ए प्लस प्लस ग्रेड में आने के लिए डीयू को अपनी सीजीपीए में सुधार करना होगा। 3.51 से 4 के बीच सीजीपीए होने पर विश्वविद्यालय को ए प्लस प्लस ग्रेड मिलता है।
अधिकारी बताते हैं कि नैक टीम ने दौरे के समय डीयू के अलग-अलग विभागों का भ्रमण किया और उनमें सुविधाओं का परीक्षण किया। इसके अलावा अलग-अलग विभागों के प्रमुखों ने 103 सवालों के जवाब नैक को मेल किए। इसके आधार पर ग्रेडिंग की गई है। 30 नवंबर को मिली यह ग्रेडिंग अगले पांच वर्ष के लिए मान्य रहेगी। इससे पहले पिछले साल जेएनयू को ए प्लस प्लस ग्रेड मिला था।