सत्येंद्र जैन को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें सीएम : मनोज तिवारी
-अरविंद केजरीवाल पर झूठ की राजनीति करने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मंत्री सत्येंद्र जैन को लेकर शुक्रवार को दिल्ली भाजपा ने सीएम अरविंद केजरीवाल की सरकार पर झूठ की राजनीति के आरोप लगाए। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि सीएम तत्काल सत्येंद्र जैन को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें। सीबीआई द्वारा उनपर भ्रष्टाचार के गंभीर मामले में कार्रवाई की गई है। इससे पहले भी फरवरी में सीबीआई दिल्ली डेंटल काउंसिल के रजिस्ट्रार ऋषिराज के खिलाफ रिश्वत लेने के मामले की जांच कर रही थी। वहीं विधानसभा में नेता विपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भी यही मांग की।
तिवारी ने कहा कि सीबीआई के पास बरामद दस्तावेज में मंत्री सत्येंद्र जैन के कराला गांव में दो जमीनों की सेल डीड मिली। इसके अलावा इसी गांव की एक 14 बीघा जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी, साल 2011 की जैन और उनकी कंपनियों के नाम दो करोड़ बैंक डिपाजिट स्लिप्स और 41 चेकबुक भी मिले। यही नहीं उनके हवाला कारोबारी से तार और बेनामी संपत्ति जमा करने के सबूत भी सीबीआई के हाथ लगे हैं। 2017 में सत्येंद्र जैन की 220 बीघा जमीन बेनामी प्रॉपर्टी एक्ट के तहत सीज की जा चुकी है। सीबीआई और ईडी पहले से ही उनके खिलाफ भ्रष्टाचार और मनी लांड्रिंग केस की जांच कर रही है। भ्रष्टाचार के विरोध में आंदोलन के बाद सत्ता में आई आप पार्टी के विधायक और मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के कई मामले दर्ज है। भाजपा इसको लेकर सख्त है और कोई भी भ्रष्ट व्यक्ति देश को नुकसान पहुंचाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को प्रतिबद्ध है। दिल्ली भाजपा यह मांग करती है कि केजरीवाल आय से अधिक संपत्ति मामले में सीबीआई द्वारा केस चलाने की अनुमति मिलने पर सत्येंद्र जैन को मंत्रिमंडल से तुरंत बर्खास्त करें।
प्रदूषण पर गंभीर नहीं है दिल्ली सरकार
मनोज तिवारी ने कहा कि एनजीटी द्वारा दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण को रोकने के लिए लगातार कई सख्त आदेश जारी किए जा चुके हैं। लेकिन इस पर दिल्ली की केजरीवाल सरकार बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। जिस कारण प्रदूषण की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। दिल्ली की जनता जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर है लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अपने ऊपर हुए फैब्रिगेटेड मिर्ची अटैक पर विशेष सत्र बुलाते हैं। एयर क्वालिटी इंडेक्स बद से बदतर होता चला जा रहा है, लेकिन दिल्ली सरकार झूठे आरोपों और नाटकीय राजनीति में व्यस्त है।