नांगलोई इलाके में सोमवार सुबह बीटेक के छात्र रॉकी कुमार (21) ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस छात्र के परिजनों से पूछताछ कर खुदकुशी के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि नांगलोई कैंप स्थित जनता फ्लैट्स में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि युवक कमरे में पंखे के हुक से फंदा लगाकर जान दी है।
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर उसे कब्जे में कर लिया। परिजनों ने बताया कि रॉकी द्वारका स्थित एनएसआईटी से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। वह दूसरे वर्ष का छात्र था। रविवार रात रॉकी परिवार वालों के साथ खाना खाने के बाद दूसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चला गया। सुबह जब परिवार वाले उसके कमरे में पहुंचे तो युवक को कमरे में लटका हुआ पाया। रॉकी के कमरे में पंखा नहीं लगा था। इसलिए उसने पंखे के लिए लगाए हुक में फंदा लगा ली थी।
अफगानी नागरिक के पास से मिले 11400 यूएस डॉलर
नई दिल्ली। दिल्ली एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने एक अफगानी नागरिक के पास से लाखों रुपये कीमत के विदेशी करेंसी बरामद किए हैं। सीआईएसएफ ने आरोपी नागरिक को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया है। कस्टम विभाग यात्री से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है। सीआईएसएफ अधिकारियों के मुताबिक रविवार रात करीब 12 बजे टर्मिनल तीन पर सीआईएसएफ कर्मियों ने अफगानी नागरिक के बैग की एक्सरे मशीन पर जांच की। जांच के दौरान बैग में कुछ संदिग्ध चीज दिखी। सीआईएसएफ कर्मियों ने बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 11400 यूएस डॉलर और 1495 दिरहम मिले। यात्री की पहचान अब्दुल समद अहमद फहद के रूप में हुई। सीआईएसएफ अधिकारियों ने यात्री से विदेशी करेंसी के कागजात की मांग की, लेकिन यात्री कुछ भी नहीं दिखा पाया।