सिग्नेचर ब्रिज हादसा
केजरीवाल ने चालकों से
की सावधानी की अपील
- सौरभ भारद्वाज ने हादसों के लिए दिल्ली पुलिस को ठहराया जिम्मेदार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिग्नेचर ब्रिज पर लगातार दो दिन हादसों पर अफसोस जताया है। उन्होंने युवाओं से सावधानी बरतने की अपील की है। दूसरी ओर, आप विधायक और प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने हादसों के लिए दिल्ली पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है।
अरविंद केजरीवाल ने शनिवार सुबह ट्वीट किया कि सिग्नेचर ब्रिज पर हो रहे हादसों से वह बेहद चिंतित हैं। सिग्नेजर ब्रिज दिल्ली की शान है। केजरीवाल ने युवाओं से अपील की कि सिग्नेचर ब्रिज पर सेल्फी लेते वक्त सावधानी जरूर बरतें और तेज गति से वाहन न चलाएं। आपकी जिंदगी देश और आपके परिवार के लिए बेहद कीमती है। दूसरी ओर, सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सिग्नेचर ब्रिज पर सेल्फी लेने के चक्कर में लगातार खतरनाक स्टंट हो रहे हैं। क्या दिल्ली पुलिस का काम यह नहीं है कि वह ऐसा करने वालों को रोके। दिल्ली सरकार की कोई पुलिस नहीं है। केंद्र सरकार और उपराज्यपाल की जिम्मेदारी है कि वह सिग्नेचर ब्रिज समेत दिल्ली के हर कोने में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करें। यातायात पुलिस को देखना चाहिए कि ब्रिज पर नियमों का पालन हो रहा है या नहीं।