डीयू की साख बढ़ाने के लिए
पूर्व छात्रों को जोड़ा जाएगा
- प्रशासन डीयू ग्लोबल एल्युमनी डाटा बेस कर रहा तैयार
- डाटा बेस के तहत अब तक जुड़ चुके हैं 42,500 पूर्व छात्र
- पूर्व छात्रों की मदद से वित्तीय जरूरतों को पूरा करने का प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय बनाने की तैयारी की जा रही है। डीयू की साख बढ़ाने के लिए न केवल विश्व स्तरीय शोधार्थियों की भर्ती होगी, बल्कि एल्युमनी(पूर्व छात्रों) को भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए प्रशासन डीयू ग्लोबल एल्युमनी डाटा बेस तैयार करने में जुटा है। इस डाटा बेस में अब तक 42,500 एल्युमनी जुड़ चुके हैं। पूर्व छात्रों की मदद से वित्तीय जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन का मानना है कि एल्युमनी(पूर्व छात्र) डीयू के सबसे मजबूत स्तंभ हैं। इसके कल्याण में उनकी गहरी रुचि रहती है। ऐसे में प्रशासन प्रयास कर रहा है कि पूर्व छात्रों से संपर्क स्थापित किया जाए। इसके लिए ही डाटा बेस तैयार किया जा रहा है, जिससे ज्यादा से ज्यादा पूर्व छात्र इससे जुड़ सकें। वर्ष 2022 में डीयू अपने 100 साल पूरे करेगा। ऐसे में प्रशासन का प्रयास है कि तब तक एक बड़ा डाटा बेस तैयार हो सके।
दरअसल, डीयू एल्युमिनी व कॉरपोरेट घरानों के सहयोग से एक कोष बनाना चाहता है, जिससे कि डीयू में वित्तीय स्थिरता लाने में मदद मिल सके। इनकी मदद से प्रशासन की योजना स्कूल व सेंटर स्थापित करने, स्कॉलरशिप शुरू करने, लैब स्थापित करने, कैंपस के संसाधनों को बढ़ाने की है। साथ ही इनकी मदद से अनुसंधान में भी सहयोग लेने की तैयारी है। इससे विश्व स्तर पर डीयू की साख बढ़ेगी और विदेशी विद्यार्थियों को भी आकर्षित किया जा सकेगा। विवि पूर्व छात्रों से संपर्क स्थापित करके योजनाबद्ध कार्यक्रम शुरू करना चाहता है, जिससे कि डीयू की छवि विश्व पटल पर बढ़ जाए।