लोकसभा में विशेषाधिकार हनन
का नोटिस देंगे मनोज तिवारी
सिग्नेचार ब्रिज मारपीट मामला : अमानतुल्लाह के खिलाफ स्पीकर को लिख चुके हैं पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन समारोह में हुई मारपीट को लेकर आप विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस देने का निर्णय किया है। तिवारी संसद के 11 दिसंबर से शुरू होने जा रहे शीतकालीन सत्र में लोकसभा की प्रक्रिया और कार्य संचालन नियम के 20वें अध्याय की नियम संख्या 222 के तहत यह नोटिस लाएंगे। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को इस संबंध में पत्र लिखा है।
तिवारी ने कहा कि वे 4 नवंबर को ऐतिहासिक सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन समारोह में शामिल होने गए थे। क्षेत्र का सांसद होने के बावजूद उन्हें समारोह में पहले नहीं बुलाया गया था, लेकिन जब उन्होंने घोषणा की कि वे वहां जाएंगे तो उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने ट्विटर के माध्यम से उनहें समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। तिवारी के मुताबिक, समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के इशारे पर आप विधायक अमानतुल्लाह खान ने उनके साथ धक्का-मुक्की कर गाली-गलौच की। इसके बाद उन्हें धक्का देकर जान से मारने की कोशिश की गई। तिवारी ने इस घटना के बाद अमानतुल्लाह खान और मुख्यमंत्री के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में अमानतुल्लाह अग्रिम जमानत पर हैं। तिवारी ने कहा कि उनके साथ पब्लिक के सामने मारपीट की गई। दिवारी ने कहा कि ऐतिहासिक सिग्नेचर ब्रिज पूर्वी दिल्ली में बनाया गया है। इसकी शुरुआत से लेकर तैयार होने तक भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दिन-रात सड़क से लेकर विधानसभा तक अभूतपूर्व योगदान दिया है। जब इस ब्रिज की कल्पना की गई थी, उस समय आप का उदय भी नहीं हुआ था।