नई दिल्ली। एक राष्ट्रीय टीवी चैनल पर प्रसारित कार्यक्रम के दौरान महिला एंकर से अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दिल्ली भाजपा ने आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है तो वहीं गुरुवार को दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा ने भारती के आवास का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मालवीय नगर बाजार से सोमनाथ भारती के आवास पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मोर्चा अध्यक्ष पूनम पराशर झा ने कहा कि भारती द्वारा महिला टीवी एंकर पर की गई अभद्र आपत्तिजनक टिप्पणी आप नेताओं की छोटी और ओछी सोच का प्रमाण है। सोमनाथ के नाम की शुरुआत ही महिलाओं के अपमान से शुरू होती है, जिसका दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा सदैव विरोध करती रहेगी। दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा यह मांग करती है कि जब तक आम आदमी पार्टी के विधायक को कड़ी से कड़ी सजा न मिल जाए तब तक भाजपा महिला मोर्चा अपना प्रदर्शन जारी रखेगी। वहीं प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया ने कहा कि आप नेताओं का महिला विरोधी चेहरा दिल्ली की जनता के सामने आ चुका है। इनका कहना है कि सोमनाथ भारती के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।