रामायण एक्सप्रेस चार घंटे लेट पहुंची, यात्रियों ने किया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रेलवे बुजुर्गो के दर्द को भी नहीं समझ पा रहा है। स्टेशन पर बृहस्पतिवार को बुजुर्ग भगवान राम से जुड़े स्थलों का दर्शन कराने वाली ट्रेन की की घंटो बाट जोहते रहे, लेकिन रामायण एक्सप्रेस कब पहुंचेगी इसकी जानकारी तक नहीं दी जा रही थी। जयपुर से आने वाली ट्रेन करीब चार घंटे देरी से शाम सात बजे सफदरजंग स्टेशन पहुंची। इससे परेशान यात्रियों हंगामा किया।
सफदरजंग स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री ठीक साढ़े चार बजे रामायण एक्सप्रेस से यात्रा करने के लिए पहुंच गए, लेकिन ट्रेन देर शाम सात बजे पहुंची। यहीं नहीं स्पेशल ट्रेन होने के कारण रेलवे स्टेशन पर भी कोई अधिकारी यात्रियों को यह बताने में असमर्थ था कि ट्रेन कब तक पहुंचेगी। इस ट्रेन से यात्रा करने के लिए बड़ी संख्या में सेवानिवृत लोग स्टेशन पर घंटों इंतजार में थे। जब बेसब्री की बांध टूट गया तो वरिष्ठ नागरिकों ने स्टेशन पर हंगामा किया। यात्री एमएन तिवारी ने शिकायत भी दर्ज कराई। इसमें कहा गया है कि निर्धारित समय साढ़े चार बजे हमें बुला लिया गया, लेकिन ट्रेन प्लेटफार्म पर नहीं पहुंची। इतना ही नहीं ना तो आईआरसीटीसी और ना ही स्टेशन पर तैनात अधिकारी यह बता रहे हैं कि ट्रेन जयपुर से दिल्ली कब पहुंचेगी। ऐसे में वरिष्ठ नागरिक बेहद परेशान हो रहे हैं। हिमांशु मिश्रा ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि दादा-दादी, नाना-नानी को लेकर स्टेशन पर पहुंचे, लेकिन स्टेशन पर ट्रेन संबंधित किसी तरह की जानकारी नहीं दी जा रही है। यहीं कहा जा रहा है कि स्पेशल ट्रेन का कोई निर्धारित समय नहीं होता है। जानकारी के अनुसार इस ट्रेन का इंजन पटेलनगर में डीजल से इलेक्ट्रिक में बदला गया, इस वजह से देरी हुई।