यूपी के शामली के ध्यानार्थ
अस्पताल में बगैर एमएलसी इलाज नहीं करने पर हंगामा
6 वर्ष की बच्ची को लेकर पहुंचे थे परिजन
डॉक्टरों ने बच्ची से दुष्कर्म की आशंका जताई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कलावती सरन बाल अस्पताल के आपातकालीन विभाग में मंगलवार देर रात हंगामा हुआ। यहां 6 वर्ष की बच्ची को लेकर परिजन पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टरों ने उसके साथ दुष्कर्म होने की आशंका जताई और बगैर एमएलसी इलाज नहीं करने की बात कही।
यूपी के शामली निवासी एक बच्ची को गंभीर हालत में परिजन मंगलवार रात को कलावती अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आपातकालीन विभाग में मौजूद डॉक्टरों ने जब बच्ची को देखा तो परिजनों ने बताया कि उसे लघुशंका नहीं आने की परेशानी और दर्द है। इस पर डॉक्टर ने जलन की शिकायत को जानकर पुलिस को सूचना देने की बात कही। डॉक्टरों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई। इस पर परिजन भड़क गए। उन्होंने इससे इंकार करते हुए तत्काल इलाज की मांग की।
परिजनों ने बताया कि बच्ची थैलीसीमिया से पीड़ित है। उसका पहले से इलाज चल रहा है। हालत बिगड़ने पर अस्पताल लाना पड़ा है। पुलिस को सूचना देने से इलाज में देरी होगी।
डॉक्टरों ने एमएलसी बनाए बिना बच्ची को भर्ती करने से इंकार कर दिया। इस पर परिजनों ने पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत के बाद दुष्कर्म से इंकार करते हुए बच्ची को इलाज के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।