ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला पर चाकू से वार
- आरोपी इससे पूर्व भी महिला पर दो बार कर चुका है हमला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केएन काटजू मार्ग इलाके में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली विधवा महिला पर एक युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गया। घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जांच में पता चला है कि आरोपी महिला पर पहले भी दो बार हमला कर चुका है और 20 अक्तूबर को जेल से बाहर निकला था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है। पुलिस उसके खिलाफ हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की पहचान संदीप के रूप में हुई है। मौके से पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें वह अपनी मां और बहन के साथ चाकू लहराते हुए भागते हुए नजर आ रहा है। घायल महिला की उम्र 37 साल है। वह परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर-17 में रहती है। परिवार में उसकी मां, भाई और बेटी है। उसके पति का कुछ साल पहले देहांत हो गया था। आरोपी भी इसी इलाके में रहता है।
महिला इलाके में ब्यूटी पार्लर चलाती है। उसके पास दो कर्मचारी काम करते हैं। रविवार शाम सात बजे महिला अपने कर्मचारियों के साथ ब्यूटी पार्लर में मौजूद थी। इसी दौरान संदीप पार्लर में आया और पीड़िता पर चाकू से ताबड़-तोड़ वार कर फरार हो गया। कर्मचारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायल महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामला एक तरफा प्रेम प्रसंग का है।