हुक्का बार बंद कराए सरकार : सिरसा
नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली सरकार से एनसीआर में हुक्का बार बंद कराने की मांग की है। सिरसा ने कहा है कि जिस तरह से पंजाब, महाराष्ट्र और गुजरात में हुक्का बार पर पाबंदी लगाई गई है, दिल्ली सरकार भी इसे बंद कराए। सिरसा ने कहा कि हुक्का बार बंद कराकर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सकता है। पंजाब सरकार ने विधानसभा में इसके खिलाफ एक्शन लिया। दिल्ली सरकार के मंत्री सतेंद्र जैन ने घोषणा तो की है, लेकिन सच्चाई यह है कि अभी भी दिल्ली और एनसीआर में हुक्का बार चल रहा है। युवाओं में नशे की लत ठीक नहीं है, लिहाजा इस तरह के बार को बंद होना चाहिए। ब्यूरो
-------
दिल्ली-जयपुर डबल डेकर में लगेगा अतिरिक्त कोच
नई दिल्ली। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रख रेलवे ने दिल्ली-जयपुर डबल डेकर ट्रेन में अतिरक्ति कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। इससे ट्रेन संख्या 12985/12986 जयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला-जयपुर डबल डेकर की यात्री वहन क्षमता बढ़ जाएगी। ज्यादा यात्री सफर कर सकेंगे। 30 नवंबर तक प्रथम श्रेणी वातानुकूलित कुर्सी यान का एक अतिरिक्त डिब्बा लग जाएगा। उधर रेलवे ने वाराणसी सिटी-वाराणसी स्टेशनों के बीच ट्रैक दोहरीकरण करने की वजह से ट्रेन संख्या 12537/12538 मुजफ्फरपुर-मंडुवाडीह-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस को निरस्त करने का निर्णय लिया है। नॉन इंटरलॉकिंग के वजह से यह ट्रेन 21 व 23 नवंबर को निरस्त रहेगी। ब्यूरो