नगर पंचायतों में ई-पेमेंट की व्यवस्था दुरुस्त करें
- केंद्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य ने जीबीयू में की जिलास्तरीय बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य मंजू दिलेर ने सोमवार को जीबीयू में जिला स्तरीय बैठक ली। बैठक में प्रशासनिक अधिकारी, तीनों प्राधिकरण, नगर पालिका व पंचायत के अधिकारी मौजूद रहे। सभी को सफाई कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
दादरी नगर पालिका परिषद् को छोड़कर सभी नगर पंचायतों में सफाई कर्मचारियों को ई-पेमेंट के माध्यम से वेतन नहीं दिया जा रहा है। इस पर केंद्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य मंजू दिलेर ने तत्काल व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जहां पर महिला सफाई कर्मचारी हैं, वहां पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था होनी चाहिए। कर्मचारियों को दस्ताने, वर्दी आदि की सुविधा भी दी जाए। जो ठेकेदार कर्मचारियों का पीएफ और ईएसआई जमा नहीं करने रहे हैं, उन पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व केशव कुमार ने बताया कि आयोग के निर्देश का पालन किया जाएगा।