सीवरेज में होने वाली मौत को सरकार ने नहीं लिया गंभीरता से
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लगाए केजरीवाल सरकार पर आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने विश्व शौचालय दिवस पर कहा कि स्वच्छ भारत अभियान पूरे भारतवर्ष में स्वच्छता क्रांति आई है। इससे पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है, लेकिन सीवरेज की सफाई की जिम्मेवारी दिल्ली सरकार की होने के बावजूद धड़ल्ले से अनदेखी हो रही है। सुलभ इंटरनेशन ने दिल्ली सरकार के काम को नई तकनीक से आसान बना दिया है, जिससे कर्मियों की जानें बच सकेंगी। तिवारी ने कहा कि सीवरेज सफाई की जिम्मेदारी दिल्ली सरकार की है फिर भी तीनों निगमों के मेयर से अपने क्षेत्रों में मानव रहित सीवरेज सफाई के लिए ऐसी मशीनों के इस्तेमाल के लिए खरीदने को कहा गया है। दर्जनों मौत के बाद भी सरकार ने सफाई कर्मियों के हितों की अनदेखी की है। दिल्ली सरकार की ओर से मैनुअल सफाई बंद करने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया, जो केजरीवाल सरकार की संवेदनहीनता का प्रमाण है।
---------------------
दर्जनों शौचालयों में बुनियादी सुविधाएं नहीं
दिल्ली नगर निगमों की ओर से सैकड़ों की संख्या में शौचालयों का निर्माण किया गया, लेकिन न तो इनकी ठीक तरह से देखभाल हो रही है और न ही बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया की जा रही हैं। नजफगढ़ जोन में महिलाओं के लिए निर्मित 19 शौचालयों में बिजली और पानी की बुनियादी सुविधाओं का आभाव है। पुरुष और महिलाओं के शौचालय आसपास होने से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम क्षेत्र में 396 सार्वजनिक सहित 129 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया गया। फिलहाल दक्षिणी निगम के दायरे में 529 सार्वजनिक शौचालयों सहित 185 सामुदायिक शौचालय हैं। उत्तरी और पूर्वी निगम में शौचालयों की स्थिति और खराब है। कुछ जगहों पर शौचालयों की स्थिति खराब होने की वजह से इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। ब्यूरो