विवादित गायक कृष्णा का कार्यक्रम आज
साकेत के गार्डन ऑफ फाइव सेंसेज में होगा आयोजन, प्रवेश नि:शुल्क, एएआई ने स्थगित किया था कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कर्नाटक संगीत के मशहूर गायक टीएम कृष्णा के शनिवार के कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए दिल्लीवासियों को बुलाया है। दिल्ली सरकार की ओर से साकेत स्थित गार्डन ऑफ फाइव सेंसेज में शनिवार शाम साढ़े छह बजे से होने वाले आवाम की आवाज कार्यक्रम में टीएम कृष्णा प्रस्तुति देंगे। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि अगर आप भारतीयता, ऐसे भारत में यकीन रखते हैं, जो सभी धर्म, विश्वास, जाति के लोगों की स्थली है, तो कार्यक्रम में आपकी मौजूदगी देश को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ दस्तावेज होगी। उधर, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि किसी भी कलाकार को प्रस्तुति देने से रोका नहीं जाना चाहिए। कला और कलाकार की गरिमा बरकरार रखना जरूरी है।
इससे पहले, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की तरफ से नेहरू पार्क में 17 नवंबर को कृष्णा का संगीत समारोह प्रस्तावित था। बेबाक विचारों को लेकर विवादों में रहने वाले कृष्णा और एएआई को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया था। कृष्णा को शहरी नक्सल एवं धर्मांतरित कट्टर आदि नाम दिए गए थे। इसके बाद उनका कार्यक्रम कथित तौर पर रद्द कर दिया गया। हालांकि, आयोजकों ने कार्यक्रम स्थगित करने का दावा किया है।
उधर, इसकी जानकारी सार्वजनिक होने पर दिल्ली सरकार ने कृष्णा को कार्यक्रम करने के लिए बुलावा भेज दिया। इसकी उन्होंने स्वीकृति भी दे दी। कार्यक्रम में इतिहासकार सोहिल हाशमी भी मौजूद रहेंगे। आवाम की आवाज दिल्ली सरकार की तरफ से सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की एक सीरीज है। इसके तहत हर महीने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है।