सहारनपुर-अंबाला रेल सेक्शन पर ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
- पुल की मरम्मत करने के लिए 18 नवंबर को ब्लॉक लिया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सहारनपुर-अंबाला रेलवे सेक्शन पर यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इस सेक्शन पर पिलखनी-सरसांवा व अंबाला-दुखेड़ी स्टेशनों के बीच पुल की मरम्मत करने का निर्णय रेलवे ने लिया है। इस कारण 18 नवंबर को ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके वजह से कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से निरस्त किया गया है तो कई आंशिक रूप निरस्त रहेंगी। कई ट्रेन इस ब्लॉक के कारण परिवर्तित रूट से भी चलेंगी।
आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए ट्रैफिक ब्लॉक सुबह 9.20 बजे से लेकर शाम 5.50 बजे तक करीब 8.30 घंटे का मेगा ट्रैफिक ब्लॉक होगा। इसके कारण ट्रेन संख्या 64502 अंबाला-सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन निरस्त रहेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 54304 कालका दिल्ली पैसेंजर ट्रेन आंशिक रूप से निरस्त रहेगी। यह ट्रेन अंबाला-दिल्ली के बीच निरस्त रहेगी। ट्रेन संख्या 12054/12053 अमृतसर-हरिद्वार-अमृतसर जनशताब्दी अंबाला-हरिद्वार-अंबाला के बीच निरस्त रहेगी। ट्रेन संख्या 12063/12064 हरिद्वार-ऊना हिमाचल लिंक एक्सप्रेस हरिद्वार-अंबाला-हरिद्वार के बीच निरस्त रहेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 14712/14711 श्रीगंगानगर-हरिद्वार-श्रीगंगानगर इंटरसिटी अंबाला-हरिद्वार-अंबाला के बीच निरस्त रहेगी। सहारनपुर-नांगलडैम पैसेंजर भी सहारनपुर-अंबाला के बीच निरस्त रहेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 54540/54539 अंबाला-निजामुद्दीन-अंबाला पैसेंजर अंबाला-सहारनपुर-अंबाला के बीच निरस्त रहेगी।
ट्रेन संख्या 15012/15011 लखनऊ जंक्शन-चंडीगढ़ एक्सप्रेस सहारनपुर-चंडीगढ़ के बीच 17 नवंबर को निरस्त रहेगी। ब्लॉक के कारण कई ट्रेनें परिवर्तित रूट से चलेंगी। इसमें मुख्य रूप से ट्रेन संख्या 15209 सहरसा-अमृतसर जनसाधरण एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15903 डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, जलंधर सिटी एक्सप्रेस, अमृतसर-सहरसा अंत्योदय एक्सप्रेस शामिल है। ट्रेन संख्या 22424 अमृतसर-गोरखपुर एक्सप्रेस रास्ते में एक घंटा रूक कर चलेगी।