सड़क हादसों में तीन की मौत, एक घायल
नई दिल्ली । राजधानी में अलग-अलग सड़क हादसों में अधेड़ समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। खजूरी खास इलाके में सड़क पार करने के दौरान बाइक सवार ने अयाज खान (55) को टक्कर मार दी। वहीं कश्मीरी गेट इलाके में कंटेनर ने बाइक पर जा रहे दो युवक इस्माइल (26) व उसके दोस्त सलमान (25) को कुचल दिया। सलमान को मृत घोषित कर दिया गया। दूसरी ओर कल्याणपुरी में पत्नी को स्कूल छोड़कर लौट रहे युवक राजेश (48) को स्कूल बस ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक आलोक नाथ को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कश्मीरी गेट में कंटेनर चालक आनंदी राउत को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। टक्कर मारने वाला बाइक सवार युवक मौके से फरार है। पुलिस सभी मामले दर्ज कर जांच में जुटी है। ब्यूरो