स्कूलों में रही बाल दिवस की धूम
बच्चों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति, खेल प्रतियोगिताएं भी हुईं
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। बाल दिवस पर शहर के कई स्कूलों और कॉलेजों में खेल प्रतियोगिताएं और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। आईटीएस डेंटल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सचित आनंद अरोड़ा ने बताया कि 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए 14 से 17 नवंबर तक फ्री ओपीडी घोषित की गई है। बुधवार को ग्रामीण इलाकों से आए बच्चों की मुफ्त जांच की गई। साथ ही पेंसिल, किताब आदि बांटे गए।
वहीं, अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में नारी संस्था के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आर्य कमल पब्लिक स्कूल में गरीब बच्चों को कपड़े-किताबें भेंट की। इस दौरान फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी हुई। जीसस एंड मैरी कांवेंट में पंडित नेहरू की याद में पौधे लगाए गए। बीटा-1 स्थित रॉयन स्कूल में नाटिका प्रस्तुत की गई। नॉलेज पार्क-1 स्थित एपीजे स्कूल में पोस्टर मेकिंग, गायन, बाल मजदूरी पर नाटक प्रस्तुत किए गए। प्रधानाचार्या रीना सिंह ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य होते हैं। नॉलेज पार्क में धर्म पब्लिक स्कूल में खेल प्रतियोगिता हुई। जेवर के प्रज्ञान पब्लिक स्कूल में खेल एंव सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में प्राइमरी विंग के छात्रों ने नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सीनियर विंग व डे बोर्डिंग के छात्रों ने खेलों में हिस्सा लिया। ईटा-1 में रोटरी क्लब ने गरीब बच्चों के लिए चलाए जा रहे स्कूल में किताबें, ड्रेस और अन्य सामान वितरित किए। इस मौके पर विनोद कसाना, मुकुल गोयल आदि मौजूद रहे।
नीमका गांव में 15 देशों के छात्रों ने मनाया बाल दिवस
जेवर। सांसद आदर्श गांव नीमका के प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालय के छात्रों के साथ बुधवार को 15 देशों के छात्र बाल दिवस मनाने पहुंचे। विदेशी छात्रों ने प्राथमिक शिक्षा के संसाधन और ग्रामीण परिवेश के बारे में जाना। बिरला इंस्टीट्यूट नोएडा ने कार्यक्रम चिरइया के तहत आयोजन किया। फ्रांस, इंग्लैंड, जर्मनी, आस्ट्रेलिया, अफ्रीका, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया सहित 15 देशों के 30 छात्रों का समूह गांव पहुंचा। ग्रामीणों ने पीजीडीएम के छात्र लॉरेन फिले, लियो बेंजमिन, साइमन लेंबर्गर, एलिस मैरी, पॉउल जीन, क्यूंटीन एलाइन, ओशन जूलिएट, क्रेडिक ज्यूलिन का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान ग्राम प्रधान अरविंद चौधरी के अलावा अध्यापक और बिरला इंस्टीट्यूट के लोग मौजूद रहे। ब्यूरो