हेडिंग: नए साल तक 12 हजार खरीदारों को मिलेगा घर
28 बिल्डरों ने कंप्लीशन सर्टिफिकेट के लिए किए आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। 12 हजार फ्लैट खरीदार नए साल में घर का तोहफा पा सकेंगे। ग्रेटर नोएडा व ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 28 बिल्डरों ने कंप्लीशन सर्टिफिकेट के लिए आवेदन किए हैं। इनकी औपचारिकता पूरी की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा व ग्रेटर नोएडा वेस्ट में नई सरकार के सत्ता में आने के बाद से अब तक 35 हजार फ्लैटों के लिए कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी किए गए हैं। इनकी रजिस्ट्री हो गई है। खरीदारों को पजेशन भी दिया जा चुका है। 2017 में करीब 20 हजार फ्लैटों के लिए सर्टिफिकेट जारी हुए जबकि इस साल अब तक 15 हजार फ्लैटों के कंपलीशन सर्टिफिकेट जारी हुए हैं। प्राधिकरण का दावा है कि जिन 28 प्रोजेक्ट के लिए आवेदन आए हैं अगर उनको कंपलीशन सर्टिफिकेट मिल जाता है तो नए साल पर 12 हजार और फ्लैट खरीदार घर पा सकेंगे। इस बारे में क्रेडाई पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष अमित मोदी का कहना है कि अगर प्राधिकरण भी अपनी तरफ से तेजी दिखाए और बकाया भुगतान में ढील दे तो यह आंकड़ा और भी ज्यादा हो सकता है। हालांकि, प्राधिकरण का कहना है कि बिल्डरों की ओर से पैसा न जमा करने के कारण कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी करने में अधिक वक्त लग रहा है। प्राधिकरण की कोशिश है कि इनको जल्द सर्टिफिकेट देकर फ्लैट खरीदारों को पजेशन दिला जा सके।