ग्रेनो से जीटी रोड जाना हुआ आसान
रूपवास बाईपास जीटी रोड से जुड़ा, दादरी विधायक ने किया उद्घाटन
2-2 लेन की इस रोड को बनाने में करीब 2.28 करोड़ रुपये खर्च हुए
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी/ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा से दादरी होते हुए जीटी रोड तक जाना अब आसान हो गया है। करीब एक किमी लंबा रास्ता बनने से रूपवास बाईपास जीटी रोड से जुड़ गया है। 2-2 लेन की इस रोड को बनाने में करीब 2.28 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। मंगलवार को दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर और एनटीपीसी के मुख्य महाप्रबंधक एके दास ने इसका शुभारंभ किया।
इस दौरान दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि क्षेत्र के विकास और युवाओं के रोजगार के लिए प्रयासरत रहूंगा। कंपनियों में 30 फीसदी नौकरी स्थानीय युवाओं को दिलाने के लिए काम कर रहा हूं। उन्होंने रेलवे फाटक पर बनने वाले आरओबी को भी करीब दो माह में शुरू कराने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि ग्रेनो से दादरी के लिए बस सेवा भी जल्द शुरू होगी। इस अवसर पर ग्रेनो प्राधिकरण के जीएम पीके कौशिक, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, श्रीचंद शर्मा, एचके शर्मा, बिजेंद्र प्रमुख, राजा रावल, रजाक अहमद आदि मौजूद रहे।
---
करीब एक साल से रेलवे फाटक बंद होने से ग्रेनो जाने-आने के लिए क्षेत्र के लोगों को बेहद परेशानी हो रही थी। गांवों के रास्तों पर भटकना पड़ता था। अब इस रास्ते के चालू होने से बहुत सुविधा हो गई है। - राजकुमार सिंह, स्थानीय निवासी
---
ग्रेटर नोएडा से दादरी नगर व आसपास क्षेत्र के स्कूलों में आने वाले अध्यापक दादरी आने के नाम पर सोचते थे। ग्रेनो के स्कूलों में जाने वाले बच्चों को भी परेशानी होती थी। अब रूपवास बाईपास के शुरू होने से बहुत सुविधा हो गई है। - आशा शर्मा, शिक्षाविद्