भ्रष्टाचार से निपटने के लिए रेलवे कराएगा सर्वेक्षण
- भ्रष्टाचार मिटाओ-नया भारत बनाओ के साथ सतर्कता सप्ताह शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भ्रष्टाचार से निपटने के लिए रेलवे यात्रियों की शिकायतों व उनके अनुभवों से संबंधित एक सर्वेक्षण कराएगा। इसके आधार पर देखा जाएगा कि रेलवे किस तरह से भ्रष्टाचार को अपने विभाग से खत्म कर सकता है। सभी स्टेशनों पर भ्रष्टाचार संबंधित शिकायतों को दर्ज करने के लिए विशेष काउंटर भी खोलेगा, जहां भ्रष्टाचार संबंधित शिकायत दर्ज की जाएगी। यह जानकारी उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विश्वैश चौबे ने दी। उन्होंने बताया कि उत्तर रेलवे में सतर्कता संबंधी शिकायतों को 155210, 09717638892 और 09868175631 मोबाइल नंबर पर दर्ज कराया जा सकता है। सोमवार को भ्रष्टाचार मिटाओ-नया भारत बनाओ थीम के साथ उत्तर रेलवे ने सतर्कता सप्ताह शुरू किया है। बड़ौदा हाउस स्थित मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। सतर्कता सप्ताह के दौरान वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, सतर्कता सेमिनार का भी आयोजन किया जाएगा। केंद्रीयकृत पब्लिक शिकायत निपटान एवं निगरानी प्रणाली दर्ज करने की अपील की गई। इस मौके पर उत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक राजेश तिवारी, चंद्र लेखा मुखर्जी समेत कई रेलवे के अधिकारी मौजूद थे।