दक्षिणी दिल्ली में एक हजार स्थानों पर जला सकेंगे पटाखे
नगर निगम ने तैयार कर रही सूची, सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । दीपावली पर दो घंटे तक पटाखे जलाने के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के बाद दक्षिणी नगर निगम ने आतिशबाजी के लिए 1000 जगहों पर अनुमति देने का निर्णय लिया है। इसके लिए सूची तैयार की जा रही है, जिसे जल्द जारी कर दिया जाएगा। इस निर्णय के बाद त्योहार के दौरान सामूहिक तौर पर पटाखे जलाने के लिए नियत स्थानों पर मौका मिल सकेगा।
दक्षिणी निगम के कमिश्नर डॉ. पुनीत गोयल के मुताबिक इसके लिए सभी क्षेत्रीय उपायुक्तों को स्थान तय करने को कहा गया है। स्थानों के लिए जगह की पहचान में पार्क, खाली स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा उन जगहों पर चयन किया जा रहा है, जिसका माकूल इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। सभी जगहों की सूची अग्निशमन विभाग को सौंपकर आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश दिए जाएंगे।
प्रत्येक जोन में 200 स्थान किए जाएंगे चिह्नित
कमिश्नर ने बताया कि प्रत्येक जोन में ऐसे करीब 200 स्थान चिह्नित किए जाएंगे। उन पार्कों या खाली प्लॉटों में पटाखे जलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी, जहां से अस्पताल नजदीक हैं। फिलहाल दक्षिणी निगम के पास 90 से अधिक सामुदायिक भवन हैं, जबकि करीब 5000 पार्क हैं। पटाखे जलाने के लिए उन स्थानों का चयन किया जाएगा, जिनका फिलहाल सार्वजनिक तौर पर कम इस्तेमाल किया जा रहा है।