कांग्रेस ने करोलबाग में शुरू किया लोक संपर्क अभियान
सरकार की विफलताओं को लेकर बनाई गई पुस्तिका भी बांटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने केंद्र सरकार की विफलताओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए करोल बाग जिले में लोक संपर्क अभियान का शुभारंभ किया। सरकार की विफलताओं को लेकर बनाई गई पुस्तिका भी लोगों को बांटी। उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली में 3 लाख से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस कार्यक्रम को 19 नवंबर तक चलाऐंगे।
माकन ने अभियान की शुरुआत संत रविदास चौक करोल बाग से की। उन्होंने कहा कि चाहे दिल्ली सरकार हो या केंद्र सरकार दोनों ने जनता के साथ विश्वासघात किया है। चाहे पेट्रोल या डीजल हो या आवश्यक वस्तुओं के दाम दोनों उनकी पहुंच से बाहर हो रहे हैं। गैस सिलेंडर 450 का आता था ,आज वह दुगना होकर लगभग 900 रुपये का हो गया है। महंगाई के कारण रोजमर्रा की वस्तुओं को मुहैया कराने के लिए खाने की चीजों और सब्जियों व अन्य जरुरत की चीजों में कटौती करनी पड़ रही है। इस अवसर पर माकन के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस के कॉओर्डिनेटर अजय शर्मा, वरिष्ठ नेता चतर सिंह, करोल बाग जिला अध्यक्ष मदन खोरवाल, निगम पार्षद सुशीला खोरवाल इत्यादि भी उपस्थित थे।