हेडिंग: सुपरटेक सहित तीन बिल्डरों के 61 मामलों पर सुनवाई
खरीदारों ने की बिल्डरों से फ्लैट पर कब्जा दिलाने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर गामा दो स्थित रेरा कार्यालय में बृहस्पतिवार को सुपरटेक समेत तीन बिल्डरों के कुल 61 मामलों पर सुनवाई हुई। ज्यादातर खरीदारों ने बिल्डरों से फ्लैट पर कब्जा दिलाने की अपील की। खरीदारों का कहना है कि कब्जा कब मिलेगा, बिल्डर इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहे हैं। कब्जा देने का एक निर्धारित समय दिया जाएगा।
रेरा के अध्यक्ष राजीव कुमार और सदस्य कल्पना मिश्रा की पीठ ने सुनवाई के लिए 61 खरीदारों को बुलाया था जो सुपरटेक बिल्डर के मेरठ स्पोर्ट्स सिटी, इको विलेज-2, सुपरनोवा फेज वन, गोल्फ कंट्री, अपकंट्री प्रोजेक्ट, जेकेजी कंस्ट्रक्शन प्रा. लि. के जेकेजी पाल्मकोर्ट फेज वन प्रोजेक्ट और ग्रेनाइट गेट प्रोपर्टीज प्रा. लि. के लोट्स बाउलयार्ड व लोट्स पेनाचे प्रोजेक्ट के हैं। सुनवाई के दौरान सुपरटेक के खरीदारों ने कब्जा दिलाने की अपील की। इस पर बिल्डर की तरफ से दूसरे प्रोजेक्ट में शिफ्ट करने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि, खरीदारों की मांग पर रेरा ने बिल्डर से जवाब मांगा है। वहीं, ग्रेनाइट बिल्डर के खरीदारों ने कहा कि कई साल से फ्लैट पर कब्जा मिलने का इंतजार है। बिल्डर के चक्कर लगाकर परेशान हो चुके हैं। सभी खरीदारों ने अपना पैसे वापस दिलाने की अपील की है।