स्कॉलरशिप व फेलोशिप हर महीने 15 तक आएगी अकाउंट में
-यूजीसी ने तैयार किया यूजीसी-केनरा बैंक वेब पोर्टल, रजिस्ट्रेशन के बाद ही मिलेगा सुविधा का लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उच्च शिक्षण संस्थानों में विभिन्न मंत्रालयों की स्कॉलरशिप और फेलोशिप राशि अब हर महीने 15 तारीख तक छात्र के अकाउंट में ट्रांसफर हो जाएगी। छात्रों की सुविधा के लिए यूजीसी ने यूजीसी-केनरा बैंक वेब पोर्टल तैयार किया है। इस पोर्टल से सुविधा का लाभ लेने से पहले रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है।
यूजीसी सचिव प्रो. रजनीश जैन की ओर से पब्लिक नोटिस के माध्यम से शिक्षण संस्थानों और छात्रों को सूचना भेजी गई है। यूजीसी का कहना है कि स्कॉलरशिप व फेलोशिप राशि समय पर छात्रों तक पहुंचाने के मकसद से यह पोर्टल तैयार किया गया है। एक अक्तूबर से पोर्टल काम करना शुरू कर चुका है। इस पोर्टल पर छात्रों को पैसा सीधा ट्रांसफर करने से पहले विश्वविद्यालय या उच्च शिक्षण संस्थानों को हर महीने पुष्टि करनी पड़ेगी। इसके लिए उन्हें इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इस पुष्टि करने की व्यवस्था को मैकर और चैकर का नाम दिया गया है। इसके लिए उन्हें पोर्टल पर लॉग-इन व पासवर्ड जनरेट करना होगा। जिन संस्थानों ने लॉग-इन व पासवर्ड जनरेट नहीं किया है, वहां छात्रों को समय से पैसा मिलने में दिक्कत आ सकती है। पोर्टल की पूरी जानकारी यू-टयूब टयूटोरियल के माध्यम से भी उपलब्ध करवाई गई है। इसलिए सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे नई व्यवस्था के तहत काम करें।