गुजरात में पूर्वांचलियों पर हमले के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
-कहा, भाजपा सरकार के इशारे पर ही उनके खिलाफ चलाया जा रहा अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गुजरात में पूर्वांचली लोगों पर हो रहे हमलों के विरोध में गुजरात भवन के सामने प्रदर्शन कर विरोध जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि गुजरात की भाजपा सरकार के इशारे पर ही पूर्वांचलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है जबकि देश के किसी भी नागरिक को कहीं भी रहने व कारोबार का अधिकार है।
इससे पूर्व प्रदर्शनकारी चाणक्यपुरी थाने के समक्ष एकत्रित हुए। हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के विरोध में नारे लगाए। पूर्व सांसद व वरिष्ठ पूर्वांचली नेता महाबल मिश्रा ने कहा कि यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि जिस भाजपा ने हमेशा लोगों को जाति, धर्म व क्षेत्रवाद के नाम पर बांटने का काम किया है, उन्होंने फिर अपना दांव गुजरात की भाजपा सरकार के द्वारा खेला है। जिसके कारण हजारों पूर्वांचली लोग गुजरात से पलायन करने के लिए मजबूर हो रहे है। अगर हम भाजपा के इतिहास पर नजर डालें, तो यह साफ जाहिर होता है कि उन्होंने लोगों को क्षेत्रवाद के नाम पर बांटने की कोशिश की है। इससे पूर्व 1999 में भाजपा के मेयर योगध्यान आहुजा ने पूर्वांचलियों के खिलाफ टिप्पणी की थी। 2005 में उस समय के भाजपा नेता प्रमोद महाजन ने बिहार के विद्यार्थियों की तुलना अफ्रीका के लोगों से की थी। इसी प्रकार अन्य भाजपा नेता समय-समय पर पूर्वांचलियों के खिलाफ बयान देते रहे है। गुजरात की भाजपा सरकार यह भूल गई है कि पूर्वांचली लोगों का न सिर्फ गुजरात के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है बल्कि वे राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है।