ग्रेनो वेस्ट में रामलीला आज से
दादा-दादी पार्क में होगा आयोजन, 800 लोगों के बैठने की व्यवस्था
रोज एक घंटा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट में पहली बार रामलीला का मंचन होगा। आज रात से मंचन शुरू होगा। गौड़ सिटी के दादा-दादी पार्क में श्री रामलीला सेवा ट्रस्ट ग्रेनो वेस्ट इसका आयोजन करा रहा है। पार्क में 800 लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया है। साथ ही 35 सोसायटियों के लोग मोबाइल एप्लीकेशन पर इसका लाइव देख सकेंगे।
ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि रोज सात बजे से रामलीला का मंचन होगा। दस बजे तक मंचन चलेगा। मंचन से पहले रोज शाम छह से सात बजे तक बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा 13 अक्तूबर को मातृ-पितृ बंधन कार्यक्रम का आयोजन होगा, जहां 150 माता-पिता की पूजा की जाएगी।
14 अक्तूबर को राम बारात निकाली जाएगी, जिसमें जयपुर के भजन सम्राट अश्वनी भावा अपनी प्रस्तुति देंगे। उन्होंने बताया कि रामलीला का मंचन गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर के 25 कलाकार करेंगे। 60 फीट लंबे, 32 फीट चौड़े और छह फीट ऊंचे मंच पर रामलीला का मंचन होगा।
50 फीट ऊंचे पंडाल में दुर्गोत्सव
गौड़ सिटी के राधा-कृष्ण पार्क में 14 अक्तूबर से दुर्गोत्सव-2018 का शुभारंभ होगा। पांच दिवसीय कार्यक्रम में रोज मां दुर्गा की पूजा विधि-विधान से होगी। गौड़ सिटी बंगाली कल्चर एसोसिएशन इसका आयोजन कर रहा है। आयोजक साजल ने बताया कि पार्क में 50 फीट ऊंचा भव्य पंडाल बनाया गया है, जिसको कोलकाता के कलाकारों ने एक माह में तैयार किया है। दिन में पूजा के बाद रात को छह से 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें दिल्ली, कोलकाता, बंगाल के बैंड प्रस्तुति देंगे। आयोजन की थीम स्वच्छ भारत है।