संदिग्ध हालात में घूमते नाइजीरियाई को पकड़ा
दनकौर। कोतवाली क्षेत्र के जगनपुर गांव के नजदीक से सोमवार रात को ग्रामीणों ने एक नाइजीरियाई को संदिग्ध हालात में घूमते हुए पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसके पास से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। इस बारे में दनकौर कोतवाली प्रभारी राजपाल तोमर का कहना है कि मामले की सूचना एलआईयू के अफसरों को दे दी गई है। ब्यूरो
ससुराल जा रहा युवक लापता
दनकौर। कोतवाली क्षेत्र के रीलखा गांव से एक युवक संदिग्ध हालात में गायब हो गया। परिजनों का कहना है कि वह ससुराल जाने की बात कहकर गया था। परिवार ने मंगलवार को कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज करा दी। रीलखा गांव निवासी धनपाल ने बताया कि उसका बेटा चेतक (30) 5 सितंबर की सुबह ससुराल जाने की कहकर घर से गया था, जो अभी तक घर नहीं लौटा है। पीड़ित परिजनों का कहना है कि उसका फोन भी स्विच ऑफ है। दनकौर पुलिस का कहना है कि युवक का जल्द ही सुराग लगा लिया जाएगा। ब्यूरो