कूड़े पर सियासत: आप लांच कर रही मेगा अभियान
- बैनर लगाकर और पर्चे बांटकर एमसीडी में भ्रष्टाचार का खुलासा करेगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । सफाईकर्मियों की हड़ताल पर राजनीतिक दलों में मची रार के बीच आम आदमी पार्टी सड़क की लड़ाई लड़ने को तैयार है। पूर्वी दिल्ली लोक प्रभारी आतिशी ने बताया कि बुधवार से पूर्वी दिल्ली में मेगा कैंपेन लांच किया जा रहा है। इस दौरान करीब 30 फ्लाईओवर व फुटओवर ब्रिज बड़े-बड़े बैनर लगाए जाएंगे। इसमें दिल्ली सरकार की तरफ से एमसीडी को दी गई रकम और एमसीडी में भ्रष्टाचार का खुलासा होगा। दूसरी तरफ बृहस्पतिवार को पूर्वी दिल्ली के मुख्य बाजार, कॉलोनी, मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड समेत दूसरे सार्वजनिक स्थलों पर पर्चा बांटा जाएगा।
आतिशी के मुताबिक, अभियान के जरिये दिल्लीवालों को बताया जाएगा कि दिल्ली सरकार से मिले फंड को किस तरह से एमसीडी ने भ्रष्टाचार में गंवा दिये। लोगों को यह भी जानकारी दी जाएगी कि सिर्फ एमसीडी की लापरवाही से पूर्वी दिल्ली कूड़ाघर में तब्दील हो गई है।
आतिशी ने सोमवार को सफाईकर्मियों पर हुए लाठीचार्ज की भी निंदा की।