जंतर-मंतर पर गरजे बीएड-टीईटी पास
अमर उजाला ब्यूरो,
नई दिल्ली। सरकारी स्कूलों में नौकरी की राह देखकर बीएड व टीईटी परीक्षा पास सैकड़ों उम्मीदवारों ने रविवार को राजधानी के जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन किया। इनका कहना था कि परीक्षा पास होने के बाद भी उनकी नियुक्ति विद्यालयों में नहीं हो रही है। इस दौरान नोएडा सहित यूपी के कई जिलों से बेरोजगार पहुंचे थे।
जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान इन लोगों ने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर व इलाहाबाद में कार्यक्रमों के दौरान, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने, यूपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय, दिनेश शर्मा ने कई बार सार्वजनिक मंचों से तथा पूर्व मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने इन युवकों की नियुक्ति के बारे में कई बार बात की लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इन युवकों का कहना है कि व्हाट्स एप पर आये कुछ संदेशों के मुताबिक सरकार इन नौकरियों पर रोक लगा चुकी है।