जंतर मंतर से पूर्व सैनिकों ने निकाली रैली
- देशभर के 1500 से अधिक पूर्व सैनिक हुए शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अपनी मांगों के समर्थन में पूर्व सैनिक रविवार को जंतर मंतर से रैली की शक्ल में संसद मार्ग तक पहुंचे। रैली में देश के सभी राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
वॉयस ऑफ एक्स सर्विसमैन सोसाइटी के उपाध्यक्ष राजीव बहल ने बताया कि रैली में देश के सभी कोने से पूर्व सैनिक शामिल हुए। प्रमुख मांगों में भेदभाव खत्म करने, बराबरी का दर्जा देते हुए अन्य विंग की तरह सुविधाएं मुहैया करवाने, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों में विसंगतियों को दूर करने, सेना में सेवादारी प्रथा समाप्त करने, राजनेताओं द्वारा सैनिकों की समस्या को नजरंदाज करने उनके बयानों पर भी आपत्ति जताई गई। सोसाइटी के राष्ट्रीय समन्वयक वीर बहादुर सिंह ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर इकट्ठा हुए पूर्व सैनिक सोमवार को प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री को इस संबंध में ज्ञापन सौंपेंगे ताकि पूर्व सैनिकों को उनका हक मिल सके।