एलपीजी रिसाव के बाद
धमाका, मासूम की मौत
संगम विहार में चार अन्य परिजन झुलसे, तीन की हालत नाजुक
- घर का सिलिंडर मिला सलामत, पुलिस ने जांच के लिए भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। संगम विहार इलाके में शुक्रवार शाम एलपीजी रिसाव के बाद एक घर में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई। हादसे में मासूम धर्मपाल (7) की मौत हो गई, जबकि चार अन्य परिजन बाबा (55), उनकी पत्नी शीला देवी (50), बेटी सोनाली (13) और धर्मवीर (10) झुलस गए। सोनाली को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी तीनों की हालत नाजुक है। पुलिस को घटनास्थल से सिलिंडर सही सलामत मिला है।
पुलिस के मुताबिक, बाबा बी-ब्लॉक, तिगड़ी, संगम विहार में किराए के मकान में पत्नी शीला देवी, तीन बच्चों धर्मपाल, धर्मवीर, सोनाली के साथ रहता था। बाबा छोले-कुलचे बेचता है। शुक्रवार शाम पूरा परिवार घर पर था। करीब 7:30 बजे शीला ने खाना बनाने के लिए गैस जलाई तो तेज धमाका हुआ और घर में आग लग गई। पड़ोसी बाबा के घर पहुंचे और पांचों परिजनों को निकालकर सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान शनिवार को धर्मपाल की मौत हो गई। सोनाली को इलाज के बाद छुट्टी मिल गई। बाबा, शीला और धर्मवीर की हालत नाजुक है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।