हेडिंग: अगले साल एक्सपो मार्ट में होगा आयुर्वेद पर पहला विश्व सम्मेलन
आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़े 90 देश होंगे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। पहला विश्व आयुर्वेद, योग व प्राकृृतिक चिकित्सा सम्मेलन 2019 में एक्सपो मार्ट में होगा। इस मसले पर ईपीसीएच के कार्यकारी निदेशक राकेश कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल राम नाइक से मुलाकात कर चर्चा की।
राकेश कुमार ने बताया कि इस आयोजन में वेलनेस टूरिज्म के क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, हर्बल और लाइफ स्टाइल मेडिसिन के 90 देशों के साझीदारों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। आयुर्वेद क्षेत्र का कारोबार मौजूदा समय में 2.5 बिलियन डॉलर से बढ़कर 2022 तक 8 बिलियन डॉलर तक होने की उम्मीद है। वहीं, ईपीसीएच के वाइस चेयरमैन आरके पस्सी और कार्यकारी निदेशक राकेश कुमार ने शुक्रवार को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के सचिव अनूप वधावन से मुलाकात की और ईरान पर प्रतिबंध से देश के हस्तशिल्प निर्यात पर पड़ रहे असर पर चर्चा की। उनके निर्यात और भुगतान से जुड़ी समस्याओं का हल निकालने का प्रयास किया।