सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए वॉकाथन
नई दिल्ली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार सुबह सैम समेत कई प्राइवेट संस्थाओं के साथ सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए वॉकाथन का आयोजन किया। इस मौके पर दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) आलोक कुमार ने कहा कि एक राष्ट्रीय आंदोलन एक करोड़ स्टेप के साथ इस बात का गवाह बन गया है कि हम एक साथ चलते हैं तो कुछ भी कर सकते हैं। छात्रों को शुरूआत से ही अनुशासन का पाठ पढ़ाएं तो सड़कों पर अनुशासन व सुरक्षा की भावना आएगी।
शांति वन, रिंग रोड पर आज
फिर किया जाएगा ट्रायल
नई दिल्ली। आईएसबीटी पर लगने वाले जाम को कम करने के लिए शांति वन, रिंग रोड पर शनिवार को शाम पांच बजे से लेकर रात आठ बजे तक फिर ट्रायल किया जाएगा। इसके तहत चांदनी चौक, जामा मस्जिद व दरियागंज से निषाद राज मार्ग से शांति वन, रिंग रोड पर आने वाले और हनुमान सेतु जाने वाले ट्रैफिक को बाएं हनुमान सेतु की तरफ नहीं मुड़ने दिया जाएगा। वाहनों को रेड लाइट से सीधा सलीमगढ़ बाईपास भेजा जाएगा। वहां होकर ये आईएसबीटी जा सकते हैं। दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त आलोक कुमार के अनुसार, ट्रायल के दौरान शांति वन रेड लाइट से राम सेतु वाला कैरिज्वे बंद रहेगा। ट्रायल के दौरान इस स्ट्रैच से आईएसआईबी जाने वाले ट्रैफिक को सलीमगढ़ बाईपास पर मोडा जाएगा। इस तरह, राजघाट से शांति वन रेड लाइट होकर आईएसबीटी जाने वाला ट्रैफिक सीधा जाने की बजाय शांति वन रेड लाइट से राजाराम कोहली मार्ग से सलीमगढ़ बाईपास की तरफ दाएं मोड़ा जाएगा।