वेतन नहीं मिलने पर कंपनी के अधिकारियों को बनाया बंधक
कर्मचारियों का आरोप-फरार है मालिक, पुलिस ने समझाकर गेट से हटाया
सूरजपुर के औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक-दो की घटना
31 अक्तूबर तक हिसाब करने का आश्वासन, 4 अक्तूबर को बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर के औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक-दो स्थित सोलर सेल बनाने वाली एक कंपनी के कर्मचारियों ने वेतन नहीं मिलने पर सोमवार को प्रदर्शन किया और अधिकारियों को बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर सूरजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कर्मचारियों को कंपनी के गेट से हटाया और प्रबंधन के साथ वार्ता कराई। अधिकारियों ने 31 अक्तूबर तक सभी का हिसाब करने का आश्वासन दिया है। साथ ही 4 अक्तूबर को बैठक बुलाई है।
कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि चार माह पहले कंपनी प्रबंधन ने एक माह तक कंपनी बंद होने की बात कही थी। सभी कर्मचारियों को छुट्टी पर भेज दिया और इस संबंध में लिखित में पत्र ले लिया। उसके बाद से कंपनी में काम शुरू नहीं हुआ है।
आरोप है कि तभी से सभी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है, जबकि अधिकारियों को हर माह वेतन दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि मालिक कंपनी बंद कर भाग गया है। वेतन देने की मांग को लेकर सोमवार को सैकड़ों कर्मचारी कंपनी में पहुंचे। वहां प्रबंधन के अफसरों ने वेतन को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इस बात से गुस्साए कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और गेट पर धरना शुरू कर दिया। शाम को छुट्टी के बाद जब अधिकारी बाहर जाने लगे, तो कर्मचारियों ने जाने नहीं दिया। उनकी कार के आगे लेट गए और अधिकारियों को कंपनी के अंदर बंधक बना लिया।
अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सूरजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को समझाकर गेट से हटाया। उसके बाद प्रबंधन के साथ वार्ता कराई। कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी ने 31 अक्तूबर तक हिसाब करने का आश्वासन दिया है। उम्मीद नहीं है कि अब कंपनी चलेगी। जिलाधिकारी को भी पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया गया है।
आत्मदाह की झूठी सूचना
प्रदर्शन के दौरान दो कर्मचारियों के आग लगाकर आत्मदाह कर लेने की अफवाह फैला दी गई। ऐसा मीडिया को बुलाने के लिए किया। सूचना मिलने पर कई मीडियाकर्मी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। वहां जाकर पता चला कि सूचना झूठी थी। बाद में पुलिस ने कर्मचारियों को लताड़ा और फिर कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता कराई।
हंगामे की सूचना पर पुलिस कंपनी में पहुंची थी। वहां वेतन को लेकर कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी कंपनी अधिकारियों से वार्ता करा दी गई है। अधिकारियों ने जल्द वेतन देने का आश्वासन दिया है। बंधक बनाने या तोड़फोड़ जैसी कोई घटना नहीं हुई।
-मुनीश चौहान, प्रभारी, सूरजपुर कोतवाली